गुरुग्राम: हमें हाउस अरेस्ट कराकर हमारी आवाज को नहीं दबा सकती सरकार: पंकज डावर
-देशहित में हमारी सोच और विचारों पर सरकार नहीं लगा पाएगी पहरा
-सोनम वांगचुक की मांगों को कांगे्रस की ओर से है पूरा समर्थन
-गुरुग्राम पुलिस ने कांग्रेस के जिला शहरी अध्यक्ष समेत 10 नेताओं को किया हाउस अरेस्ट
गुरुग्राम, 22 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि हमें हाउस अरेस्ट कराकर सरकार हमारी आवाज को नहीं दबा सकती। देशहित में हमारी सोच और विचार और तेज होंगें। सरकार का कोई पहरा कामयाब नहीं हो पाएगा। कांगे्रस का सोनम वांगचुक की मांगों के लिए पूरा समर्थन है। हम देश में शिक्षा समेत हर क्षेत्रों में बेहतर व्यवस्था की मांग करते हैं।
पंकज डावर ने कहा कि सोनम वांगचुक के गुरुग्राम में मेदांता मेडिसिटी में शिफ्ट होने के बाद कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट कराकर भाजपा सरकार ने यह दिखा दिया है कि वह तानाशाही से काम कर रही है। वह कांग्रेस से डरी हुई है। कांग्रेस के 10 से अधिक वरिष्ठ नेताओं को देर रात हाउस अरेस्ट करना इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी की आग को बुझाने की बजाय और भडक़ाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले लोगों को डराने के लिए पुलिसिया कार्रवाई का सहारा ले रही है। जंतर-मंतर पर लाखों युवा शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने पहुंचे थे, लेकिन सरकार ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए उन पर लाठीचार्ज कराया। यह सीधे-सीधे छात्रों और युवाओं की आवाज को कुचलने की कोशिश है।
उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की जायज मांगों को सुनने के बजाय उन्हें दबाना चाहती है। शिक्षा, रोजगार और लोकतंत्र के सवालों पर सरकार का रवैया हमेशा से नकारात्मक रहा है। आज पूरे देश में तानाशाही का माहौल है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मोर्चा खोला है, इसलिए सरकार डरी हुई है। डावर ने कहा कि देश के नौजवानों का भविष्य अंधकार में है। पेपर लीक, भर्ती में देरी और निजीकरण की वजह से सरकारी नौकरियां खत्म हो रही हैं। इसके बावजूद सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

