गुरुग्राम: मेदांता में भर्ती सोनम वांगचुक के समर्थन में धरने पर बैठे दो सपा नेता

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: मेदांता में भर्ती सोनम वांगचुक के समर्थन में धरने पर बैठे दो सपा नेता


-तीन स्तरीय सुरक्षा के बीच अस्पताल पहुंच गए दोनों नेता

गुरुग्राम, 22 जुलाई (हि.स.)। यहां मेदांता मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती लद्दाख के मुद्दों और छात्रों के समर्थन में पिछले 25 दिनों से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक के समर्थन में बुधवार को समाजवादी पार्टी के दो नेता अस्पताल में ही धरने पर बैठ गए। तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच वे सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर अस्पताल परिसर में पहुंच गए।

बता दें कि सोनम वांगचुक की खराब तबियत को देखते हुए मंगलवार की शाम को दिल्ली सफदरजंग अस्पताल से मेदांता अस्पताल गुरुग्राम में शिफ्ट किया गया। उन्हें करीब साढ़े सात बजे दिल्ली पुलिस की टीम यहां लेकर पहुंची। अस्पताल में उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से मेदांता में तीन स्तरीय सुरक्षा लगाई गई है। इसके बावजूद समाजवादी पार्टी के दो नेता पुलिस को चकमा देकर अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। दोनों हाथों में बैनर और तख्ती लिए हुए थे। इनमें एक कामेशवर हैं, जिन्होंने 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खास प्रत्याशी नीलकंठ तिवारी के खिलाफ साउथ वाराणसी से विधानसभा चुनाव लड़ा था। दोनों नेताओं के धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही गुरुग्राम सदर पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। जब तक पुलिस वहां पहुंची, दोनों नेता वहां से चले गए।

इस तरह से लगाई गई है सुरक्षा

मेदांता मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक को लेकर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पहली लेयर मेन गेट पर अस्पताल सिक्योरिटी और गुरुग्राम पुलिस की है। हर व्यक्ति की जांच के बाद ही उसे प्रवेश दिया जा रहा है। दूसरी लेयर जिस बिल्डिंग में वांगचुक भर्ती हैं, उसके बाहर हरियाणा और दिल्ली पुलिस के जवानों की है। सिर्फ मरीज और एक तीमारदार को जाने की अनुमति है। तीसरी लेयर में वांगचुक जिस फ्लोर पर हैं, वहां पुलिस निगरानी के साथ डॉक्टरों की टीम लगातार नजर रख रही है।

सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की

इसके बाद अस्पताल की सिक्योरिटी और सख्त कर दी गई। अब बिना आईडी और कारण बताए किसी को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा। मेदांता सूत्रों के अनुसार सफदरजंग से मेडिकल हिस्ट्री मिलने के बाद डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू कर दिया है। फिलहाल उन्हें ड्रिप के जरिए लिक्विड डाइट दी जा रही है। उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। जल्द ही अस्पताल की ओर से हेल्थ बुलेटिन जारी किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री और विपक्षी डेलिगेशन पहुंचे

सूत्रों के मुताबिक सोनम वांगचुक से सरकार ने बातचीत की पहल की है। मंगलवार रात केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह मेदांता के आईसीयू-8 में भर्ती वांगचुक से मिलने पहुंचे और उनका हालचाल जाना। बुधवार दोपहर दिल्ली पुलिस के एक बड़े अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि विपक्षी सांसदों का डेलिगेशन भी उनसे मिलने आ सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story