गुरुग्राम: सोहना के पास नहर में गिरी बाइक, आठ साल का बच्चा बहा

WhatsApp Channel Join Now

अस्थायी पुल पार करते समय हुआ हादसागुरुग्राम, 21 जून (हि.स.)। जिला के खंड सोहना के गांव भोगपुर मंडी के पास शनिवार रात आठ वर्षीय मासूम नहर के तेज बहाव में बह गया। घटना उस समय हुई जब एक व्यक्ति अपने तीन बच्चों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गुरुग्राम कैनाल पर बने अस्थायी पुल को पार कर रहा था। बाइक का संतुलन बिगड़ने से चारों सदस्य सीधे नहर में जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पिता और दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन एक बच्चा पानी के तेज बहाव में लापता हो गया।जानकारी के अनुसार भोगपुर गांव निवासी इस्लाम शनिवार रात अपने बच्चों को दवाई दिलाने के लिए सिलानी गांव गए थे। दवाई दिलाने के बाद वे मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जब वे भोगपुर मंडी के निकट नहर पर बने अस्थायी पुल को पार कर रहे थे, तभी अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और नहर में जा गिरी।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने चीख-पुकार सुनकर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद इस्लाम और उसके दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन आठ वर्षीय सद्दाम नहर के तेज बहाव में बह गया। देखते ही देखते वह लोगों की नजरों से ओझल हो गया।

घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली। गांव निवासी प्रताप ने बताया कि स्थानीय लोग कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों को इस अस्थायी पुल की खराब स्थिति तथा सुरक्षा इंतजामों की कमी के बारे में अवगत करा चुके हैं। पुल पर न तो पर्याप्त रेलिंग है और न ही कोई मजबूत बैरिकेडिंग की गई है, जिससे विशेषकर रात के समय हादसों का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

सूचना मिलने पर सोहना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सोहना के एसीपी मुकेश यादव ने बताया कि लापता बालक सद्दाम की तलाश के लिए नहर में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है। गोताखोरों और आपदा प्रबंधन टीमों की सहायता से नहर के बहाव वाले क्षेत्रों में गहन खोजबीन की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story