गुरुग्राम: हर पात्र नागरिक का वोट बनवाना हमारी प्राथमिकता: डा. अर्चना गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: हर पात्र नागरिक का वोट बनवाना हमारी प्राथमिकता: डा. अर्चना गुप्ता


-राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों, बीएलए-1 के साथ की बैठक

गुरुग्राम, 24 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय गुरुकमल में एसआईआर को लेकर जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, बीएलए-1 व भाजपा नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में एसआईआर अभियान की प्रगति की समीक्षा की।

इस बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं को कहा गया कि किसी भी पात्र व्यक्ति का वोट ना कटे इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर के अगले चरण में हमें किसी कारण से छूट गए पात्र लोगों के वोट बनवाने पर भी ध्यान देना है। बैठक में राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज, मंत्री कृष्ण बेदी, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया और जवाहर सैनी मंच पर उपस्थित रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि एसआईआर का पहला चरण खत्म हो चुका है। अब दूसरे चरण में भी किसी कारणवश छूट गए नागरिकों का वोट बनवाने पर ध्यान देना होगा और लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने पर सभी कार्यकर्ताओं को जोर देना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वोट के अधिकार से वंचित ना रह जाए।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मतदाता सूची जितनी अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित होगी, लोकतांत्रिक व्यवस्था उतनी ही मजबूत होगी। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर संपर्क कर लोगों को एसआईआर की प्रक्रिया की जानकारी दें और पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने में सहयोग करें। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाते। ऐसे लोगों तक पहुंचना और उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने में सहायता करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर तक अभियान चलाकर युवाओं, महिलाओं और नए मतदाताओं को जागरूक करें ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि समाज और लोकतंत्र को मजबूत करने वाले हर अभियान में अग्रणी भूमिका निभाता है। एसआईआर अभियान भी इसी जिम्मेदारी का हिस्सा है। उन्होंने जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों से कहा कि वे नियमित समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक मंडल एवं बूथ स्तर पर अभियान प्रभावी ढंग से संचालित हो।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story