गुरुग्राम: मतदाता सूची का शुद्ध होना लोकतंत्र की मजबूती का आधार: ए. श्रीनिवास

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: मतदाता सूची का शुद्ध होना लोकतंत्र की मजबूती का आधार: ए. श्रीनिवास


-मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने किया बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा

-धनवापुर में बीएलओ, मतदाताओं, पार्षदों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से की बातचीत

गुरुग्राम, 16 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने गुरुवार को गुरुग्राम के बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 (एसआईआर) के तहत चल रहे कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने धनवापुर क्षेत्र का भ्रमण कर मतदान केंद्रों पर बीएलओ, स्थानीय मतदाताओं, नगर निगम पार्षदों, विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) तथा जागरूक नागरिकों से संवाद किया और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र संख्या 160, 161 एवं 164 का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ से घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वेक्षण, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं प्राप्ति तथा मतदाता सत्यापन की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के प्रत्येक चरण में पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र अथवा स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम नियमानुसार सूची से हटाना है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं नवीनतम होना लोकतंत्र की मजबूती का आधार है और इसमें आमजन की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नगर निगम पार्षदों, राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), सामाजिक संगठनों एवं जागरूक नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग दें और अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को गणना प्रपत्र भरने एवं समय पर जमा कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं ने अभी तक अपने गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) जमा नहीं कराए हैं, वे बिना विलंब अपने संबंधित बीएलओ के पास प्रपत्र जमा कराएं, ताकि उनका विवरण समय पर मतदाता सूची में अद्यतन किया जा सके।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य एक स्वच्छ, त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है। इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story