गुरुग्राम: सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण का सबसे बड़ा दुश्मन: एसडीओ कामेश

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण का सबसे बड़ा दुश्मन: एसडीओ कामेश


-सदर बाजार में दुकानदारों, ग्राहकों को जागरुक करते हुए कही यह बात

-सदर बाजार में बांटे ग्राहकों को बांट गए जूट व कपड़े के बैग

गुरुग्राम, 18 सितंबर (हि.स.)। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से नगर निगम गुरुग्राम एवं स्वास्तिक फाउंडेशन के साथ मिलकर सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने के लिए शुक्रवार को सदर बाजार में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बाजार में व्यापारियों और ग्राहकों को कपड़े और जूट के बैग इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया और नि:शुल्क जूट के बैग भी वितरित किए गए।

यह अभियान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ कामेश, जेई राघवेंद्र, नगर निगम गुरुग्राम वार्ड-27 के पार्षद आशीष गुप्ता और स्वास्तिक फाउंडेशन के अध्यक्ष राज सैनी बिसरवाल के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान टीम ने दुकान-दुकान जाकर व्यापारियों से अपील की कि वे ग्राहकों को प्लास्टिक की थैलियों में सामान न दें। साथ ही ग्राहकों को भी समझाया गया कि वे बाजार आते समय घर से कपड़े का थैला लेकर आएं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक न केवल पर्यावरण के लिए घातक है, बल्कि यह सीवरेज सिस्टम को जाम कर जलभराव का कारण भी बनता है। एसडीओ कामेश ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक आज पर्यावरण का सबसे बड़ा दुश्मन बन चुका है। यह 400 साल तक नष्ट नहीं होता।

वार्ड-27 के पार्षद आशीष गुप्ता ने कहा कि सदर बाजार गुरुग्राम का दिल है। यहां रोज हजारों लोग आते हैं।

अगर हम यहीं से प्लास्टिक मुक्ति की शुरुआत करेंगे तो पूरे शहर में संदेश जाएगा। नगर निगम अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहा है, लेकिन जब तक व्यापारी भाई और ग्राहक सहयोग नहीं करेंगे, तब तक गुरुग्राम स्वच्छ नहीं हो सकता। स्वास्तिक फाउंडेशन के अध्यक्ष राज सैनी बिसरवाल ने कहा कि हमने आज सदर बाजार में सैकड़ों जूट के बैग नि:शुल्क बांटे हैं। यह सिर्फ एक बैग नहीं, बल्कि पर्यावरण बचाने का संकल्प है। जूट पूरी तरह से बायोडिग्रेडेबल है। इसके इस्तेमाल से पर्यावरण भी बचेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार भी बढ़ेगा। स्वास्तिक फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story