गुरुग्राम: सिंगर फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर के घर फायरिंग में चार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: सिंगर फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर के घर फायरिंग में चार गिरफ्तार


गुरुग्राम, 05 मई (हि.स.)। यहां सेक्टर-45 स्थित गांव कन्हई में सिंगर फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरभ के घर फायरिंग केस में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि गोली चलाने की वारदात को दीपक नांदल द्वारा अंजाम दिलाया था।

आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले रेकी की थी और अन्य आरोपियों को बाइक, हथियार तथा अन्य सहायता मुहैया करवाई थी। हमलावरों की मदद करने के लिए आरोपी घटनास्थल के निकट मौजूद थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सौरभ और दीपक नांदल एक-दूसरे के पुराने जानकार हैं। दोनों के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। दीपक नांदल ने पहले भी सौरभ को धमकी दी थी। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि गोली चलाने की वारदात को दीपक नांदल ने ही अंजाम दिलवाया है।

मामले में सेक्टर-40 क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान रोहतक निवासी अशोक (35) व मनोज काबर (36 ), सोनीपत निवासी सुमित (33) और विक्की (36) के रूप में हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story