गुरुग्राम: बीएससी नर्सिंग के छात्र का नहर से मिला शव

WhatsApp Channel Join Now

-परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

-दोस्तों ने कहा नशा करके नहर में नहाने उतरा था और डूब गया

गुरुग्राम, 18 जुलाई (हि.स.)। एसजीटी यूनिवर्सिटी के बीएससी नर्सिंग अंतिम वर्ष के 21 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्र का शव धनकोट नहर से बरामद हुआ है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि मृतक के दोस्तों ने इसे डूबने की घटना बताया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर विसरा जांच के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान मोहन निवासी गांव हिंडोल, जिला चरखी दादरी के रूप में हुई है। वह एसजीटी यूनिवर्सिटी में बीएससी नर्सिंग अंतिम वर्ष का छात्र था। परिजनों के अनुसार मोहन शाम अपने दोस्तों लविश, आर्यन, तरुण और हिमांशु के साथ घर से निकला था। आरोप है कि सभी ने शराब का सेवन किया था और बाद में धनकोट नहर के पास पहुंच गए। देर रात उसके दोस्त वापस लौट आए, लेकिन उन्होंने मोहन के लापता होने की जानकारी परिवार को नहीं दी। पुलिस पूछताछ में दोस्तों ने बताया कि शराब के नशे में मोहन नहर में नहाने के लिए उतरा था और डूब गया। वहीं मृतक के पिता योगेश कुमार ने दोस्तों के दावे को खारिज कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे के साथ पहले मारपीट की गई और बाद में शव को नहर में फेंक दिया गया। उन्होंने मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

परिजनों की मांग पर शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया गया। मेडिकल बोर्ड के सदस्य डॉ. दीपक माथुर ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए विसरा के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। यह हादसा है या हत्या, इसका खुलासा फॉरेंसिक और विसरा रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मृतक के सभी दोस्तों के बयान दर्ज किए हैं। साथ ही नहर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना की टाइमलाइन स्पष्ट हो सके। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story