गुरुग्राम: भारत ने दुनिया को गंभीर बीमारियों के सस्ते, प्रभावी इलाज का रास्ता दिखाया: डॉ. श्रीनिवास

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: भारत ने दुनिया को गंभीर बीमारियों के सस्ते, प्रभावी इलाज का रास्ता दिखाया: डॉ. श्रीनिवास


-सिनर्जी टेक फेस्ट 2026 में दिखा मेधा का धमाल, नवाचार की ऊंची उड़ान

-भव्य समारोह में नौवें स्टूडेंट एडिशन का समापन, 170 प्रोजेक्ट प्रदर्शित

गुरुग्राम, 20 नवंबर (हि.स.)। मेधा के धमाल, नवाचार की ऊंची उड़ान, युवा शक्ति की असीमित कल्पनाशीलता, कुछ कर दिखाने की ललक और कामयाबी की लंबी लकीर खींचने का जुनून...एसजीटी यूनिवर्सिटी के सिनर्जी टेक फेस्ट 2026 में हजारों छात्र-छात्राओं के बीच यही कुछ प्रतिबिंबित होता दिखाई दिया।

तीन दिन चले नौवें स्टूडेंट एडिशन का शुक्रवार काे भव्य समारोह में समापन हुआ। विभिन्न विभागों, संकायों के मेधावी छात्रों ने 170 से अधिक प्रोजेक्ट स्टालों पर प्रदर्शित किए। भारत सरकार के नीति सलाहकार एवं सीएसआईआर-आईएमटेक रिसर्च काउंसिल के सदस्य डॉ. श्रीनिवास लंका समापन सत्र के मुख्य अतिथि रहे। टेक महिंद्रा के पूर्व सीईओ एवं सर्वम एआई के निदेशक संजय कालरा गेस्ट ऑफ आनर व प्रसार भारती के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नवनीत कुमार सहगल स्पेशल गेस्ट के रूप में शामिल हुए। एसजीटी यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति पद्मभूषण राम बहादुर राय की गरिमामयी उपस्थिति ने विद्यार्थियों में प्रबल उत्साह का संचार किया।

एसजीटी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) अनिल कुमार कौल के स्वागत भाषण के साथ कार्यक्रम आरंभ हुआ। कार्यक्रम के चीफ गेस्ट डॉ. श्रीनिवास लंका ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ने विश्व को गंभीर बीमारियों के सस्ते और प्रभावशाली इलाज का रास्ता दिखाया। गोरखपुर के मेनिनजाइटिस, विश्वव्यापी टायफाइड और अफ्रीकी देशों के एड्स केसों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भले ही भारत के पास संसाधन सीमित थे पर पैशन के साथ समस्या के समाधान की भारत की युक्ति का असर हर स्तर पर दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि आज विश्व की 30 प्रतिशत दवाओं और 70 प्रतिशत वैक्सीन की डिमांड भारत पूरी कर रहा है। डॉ. लंका ने कहा कि कुछ आर्थिक विसंगतियां भी हैं। दवाओं की ऊंची कीमत आज भी सबसे बड़ी चुनौती है। स्पेशल गेस्ट डा. नवनीत कुमार सहगल ने सिनर्जी टेक फेस्ट की सराहना करते हुए कहा कि इसमें 170 से अधिक प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए गए, जो एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। इच्छा शक्ति के साथ एसजीटी यूनिवर्सिटी में प्रतिभा को यथार्थ के धरातल पर उतारने का अवसर भी दिया जाता है। उन्होंने कहा कि आज स्टार्टअप का विश्व का सबसे बड़ा इको सिस्टम भारत में है। 50 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकले हैं। हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती कुछ देशों पर भारत की तकनीकी निर्भरता कम करने की है।

गेस्ट आफ आनर संजय कालरा ने इस अवसर पर कहा कि समस्याएं हर स्तर पर होती हैं। आवश्यकता उनका क्रमबद्ध तरीके से समाधान करने की है। रियल प्राब्लम को चुनें, उसका नेचर जानें और फिर रियल तरीके से उसके समाधान का प्रयास करें। एशियानेट के पूर्व कार्यकारी और पीएम ओलंपिक टास्क फोर्स के सदस्य रहे राजेश कालरा भी समारोह में विशेष रूप से उपस्थित थे। सिनर्जी टेक फेस्ट- 2026 के विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story