गुरुग्राम: डीएलएफ फेज-1 में स्कूल को मिली बम से उड़ाने की धमकी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: डीएलएफ फेज-1 में स्कूल को मिली बम से उड़ाने की धमकी


-मंगलवार रात स्कूल की ईमेल आईडी पर मिली धमकी

-पुलिस को जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई

गुरुग्राम, 25 मार्च (हि.स.)। यहां डीएलएफ फेज-1 स्थित पाथवे वर्ल्ड स्कूल को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। यह धमकी स्कूल की ईमेल आईडी पर आई। स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना देकर बच्चों की छुट्टी कर दी। पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची और गहन जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस को जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार बलियावास स्थित पाथवे वर्ल्ड स्कूल को मंगलवार-बुधवार की रात मेल भेजी गई थी। स्कूल प्रशासन ने बुधवार सुबह मेल देखा। मेल देखते ही स्कूल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की तलाशी शुरू कर दी। पुलिस ने दो घंटे से अधिक समय तक सर्च अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। स्कूल प्रबंधन ने भी बच्चों के अभिभावकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, जांच होने के बाद स्कूल को सुचारू रूप से खोल दिया जाएगा।

बता दें कि पिछले कुछ महीनों से ईमेल के जरिए स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। इनमें कुछ नहीं पाया गया। धमकी फर्जी मिली। गुरुग्राम पुलिस ने 20 मार्च को एक बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया था जो अवैध रूप से भारत में रह रहा था। आरोप है कि युवक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए भेज रहा था, जिसका मकसद दहशद फैलाना था।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story