गुरुग्राम: सदर बाजार में उगाही करने वालों पर पुलिस का प्रहार, दो काबू
आरोपियों पर पहले भी दर्ज हैं केस
गुरुग्राम, 04 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय क्राइम यूनिट ने शहर के सदर क्षेत्र में गुंडागर्दी और अवैध उगाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार तीन अप्रैल 2026 को एक पान दुकानदार की ओर से उगाही की शिकायत पुलिस को दी गई। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। क्राइम यूनिट-39 द्वारा थाना सदर में केस दर्ज किया गया। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार काे बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी गिरफ्तार किए गए आरोपी नितिन, हिमांशु और सोनू निवासी गांव झाड़सा काफी समय से क्षेत्र के रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और छोटे दुकानदारों को निशाना बना रहे थे। आरोपी धमकी देकर, अवैध दबाव बनाकर और डर का माहौल पैदा कर उनसे उगाही कर रहे थे। क्राइम यूनिट सेक्टर-39 की टीम ने शिकायत दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर दो आरोपियों नितिन कौशिक और हिमांशु स्वामी को गिरफ्तार कर लिया। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नितिन के खिलाफ पहले से ही अवैध वसूली, मारपीट, हत्या के प्रयास सहित आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी शुभम के खिलाफ नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी व्यक्ति या गिरोह द्वारा नागरिकों, विशेषकर छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को धमकाने, डराने या अवैध वसूली करने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ सख्त और त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गुरुग्राम पुलिस ने यह भी दोहराया है कि वह कानून का पालन करने वाले नागरिकों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और शहर में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

