गुरुग्राम: रबर फैक्ट्री में लगी आग से लाखों का सामान जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now

-सभी कर्मचारी और मजदूर सुरक्षित निकले

गुरुग्राम, 07 नवंबर (हि.स.)। शहर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र आईएमटी मानेसर में शनिवार सुबह सेक्टर-6 स्थित एक रबर फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि फैक्ट्री परिसर से काले धुएं का गुबार आसमान में दूर से ही दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई है। अभी तक किसी के अंदर फंसे होने की सूचना नहीं है।

फायर ब्रिगेड को सुबह करीब पौने दस बजे मैसर्स जयंती रबर इंडस्ट्रीज में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। औद्योगिक क्षेत्र में आग की खबर मिलते ही फायर स्टेशन पर तुरंत अलर्ट घोषित किया गया। फैक्ट्री के भीतर भारी मात्रा में रबर का कच्चा माल और तैयार उत्पाद रखे हुए थे। रबर अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया था और पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और चारों तरफ से पानी की बौछारें शुरू कर दीं। रबर की आग को फैलने से रोकना सबसे बड़ी चुनौती थी, लेकिन फायर विभाग की रणनीति काम आई और आग को एक ही हिस्से में सीमित कर दिया गया।

फायर टेंडर्स की टीम ने बेहद कम समय में और सूझ-बूझ के साथ कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया समय पर आग बुझ जाने के कारण आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों को भी खतरा टल गया।

शुरुआती अनुमान के मुताबिक आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना में फैक्ट्री के अंदर रखा रबर का माल जलकर खाक हो गया है, जिससे काफी नुकसान की आशंका है। फायर ब्रिगेड अधिकारी ललित ने बताया कि गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारी और मजदूर सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी के भी हताहत या घायल होने की कोई रिपोर्ट नहीं है। पुलिस और फायर विभाग की टीमें फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774046 Articles

Share this story