गुरुग्राम: आरओएफ बिल्डर कार्यालय पर आलियाज सोसायटी के लोगों ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: आरओएफ बिल्डर कार्यालय पर आलियाज सोसायटी के लोगों ने किया प्रदर्शन


-लोग बोले, ना फायर सुविधा ना सही सफाई, मेंटनेंस बढ़ाकर बिल्डर कर रहा कमाई

-सेक्टर-102 आरओएफ आलियाज सोसायटी के लोगों ने लगाया यह आरोप

गुरुग्राम, 02 मई (हि.स.)। सेक्टर-102 स्थित आरओएफ आलियाज सोसायटी में सुविधाएं जीरो होने और फंड राशि बढ़ाए जाने के विरोध में लोगों का गुस्सा फूटा। लोगों ने सेक्टर-44 स्थित बिल्डर के कार्यालय पर शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया। लोगों ने साफ कहा कि मेंटनेंस के नाम पर जो राशि बढ़ाई गई है उसे वापस लिया जाए। साथ ही सभी सुविधाएं नियमित रूप से दी जाएं।

आरओएफ आलियाज सोसायटी आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दीपक मोंगिया, महासचिव रंजन पांडा, संयुक्त सचिव प्रवेश शर्मा, कोषाध्यक्ष मुनेश शर्मा के नेतृत्व में लोग सेक्टर-44 में आरओएफ आलियाज सोसायटी बिल्डर के कार्यालय पर पहुंचे। लोगों ने बिल्डर को अपनी समस्याएं बताने के लिए उन्हें बुलाने को कहा, लेकिन बिल्डर मोहित मित्तल, अभिषेक मित्तल में से कोई भी उनकी बात सुनने नहीं आया। लोगों ने बताया कि आरओएफ आलियाज सोसायटी के दो फेज में करीब 1500 फ्लैट हैं। फेज-1 में 832 फ्लैट हैं, जिनमें करीब चार हजार लोग रहते हैं। इन 832 फ्लैट में रहने वाले लोगों की प्रतिनिधित्व कर रहे आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बताया कि सोसायटी में सुविधाएं जीरो हैं। सफाई का बुरा हाल है। लिफ्ट अक्सर खराब रहती हैं। 14वीं मंजिल तक के टावर हैं, जहां से आने-जाने में लोगों को काफी दिक्कत होती है। लिफ्ट खराब होने पर लोग अपने ही घरों में कैद होकर रह जाते हैं। सुरक्षा का कोई सिस्टम नहीं है। फायर सिस्टम फेल है। दो बार सोसायटी में आग लग चुकी है। अगर कभी कोई बड़ा हादसा होता है कि भारी जनहानि होगी। सोसायटी एक सुपरवाइजर के भरोसे है। कोई एस्टेट ऑफिसर बिल्डर की ओर से नहीं बिठाया गया है।

निवासियों ने कहा कि इन सब समस्याओं को वे झेल रहे हैं। अपनी समस्या लेकर वे बिल्डर के पास आए हैं तो वह पुलिस का सहारा लेकर उन्हें यहां से खदेडऩा चाह रहा है। वे पिछले करीब 10 महीने से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लगे हें। लोगों ने बताया कि इतनी सारी परेशानियों के बावजूद बिल्डर ने एक रुपये प्रति स्क्वेयर फुट मेेंटनेंस चार्ज बढ़ा दिया है। एक फ्लैट का यह चार्ज करीब 700 रुपये बढ़ाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि आज तो वे अपने घर चले जाएं। दोनों पार्टी को बुलाकर बात की जाएगी। लोग पुलिस अधिकारी के आश्वासन के बाद चले गए।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story