गुरुग्राम: रोडवेज बस ने पैदल चल रहे लोगों को कुचला, एक की मौत
हादसे में तीन लोग घायल, आरोपी ट्रेनिंग ड्राइवर बस लेकर हुआ फरार
गुरुग्राम, 12 जून (हि.स.)। सेक्टर-37 क्षेत्र में शुक्रवार को हरियाणा रोडवेज ट्रेनिंग स्कूल की एक बस पैदल चल रहे लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और गुस्साए लोगों ने बस पर पत्थरबाजी की लेकिन चालक बस लेकर फरार हो गया। मृतक व्यक्ति की पहचान मध्य प्रदेश के सतना निवासी रविशंकर शंकर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, डिपो से दो ट्रेनिंग बसें रवाना हुई थीं, जिनमें 16 और 15 प्रशिक्षु चालक सवार थे। ट्रेनिंग 18 मई से शुरू हुई 35 दिन की ट्रेनिंग 21 जून को पूरी होनी है। निर्धारित रूट बस अड्डे से सेक्टर-14 चौक होते हुए सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क तक था।
इंस्पेक्टर विद्यानंद ने बताया कि दोपहर में सभी प्रशिक्षु चालकों के साथ बस के नीचे छांव में बैठकर लंच कर रहे थे। इसी दौरान कादीपुर निवासी प्रशिक्षु चालक भारत अचानक बस लेकर निकल गया। उसके बाद दूसरी बस से उसकी तलाश की गई, लेकिन वह निर्धारित रूट छोड़कर दूसरे मार्ग पर पहुंच गया। बाद में सूचना मिली कि खांडसा रोड के पास बस ने कई लोगों को कुचल दिया है। हादसे के बाद भारत बस को डिपो में छोड़कर फरार हो गया। बस ने कई वाहनों को भी टक्कर मारी और आगे बढ़ती रही। गुस्साए लोगों ने बस पर पत्थराव भी किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
ट्रेनिंग इंचार्ज सुरेश ने बताया कि बस को इंस्पेक्टर विद्यानंद की निगरानी में निर्धारित ट्रेनिंग रूट पर भेजा गया था। सामान्य दिनों में इस रूट पर दूसरी बस चलती थी, लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से इस बार दूसरी बस का उपयोग किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

