गुरुग्राम: चाय पीने जा रहे दाे युवकाें की तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर से मौत, एक घायल
गुरुग्राम, 05 जुलाई (हि.स.)। द्वारका एक्सप्रेस-वे पर बामडोली रेड लाइट के पास शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
शिकायतकर्ता शुभम निवासी सेक्टर-81 ने पुलिस को बताया कि शनिवार की देर रात वह अपने दोस्तों राहुल गिल निवासी गांव खरैटी जिला रोहतक, उमंग बेनीवाल निवासी गांव शेखपुरा जिला सोनीपत, सनी निवासी गांव शेखपुरा सोनीपत व राहुल खत्री निवासी गांव खरक जाटान रोहतक के साथ चाय पीने जा रहा था। बामडोली रेड लाइट क्रॉस कर द्वारका एक्सप्रेस-वे की तरफ जाते समय एक अज्ञात गाड़ी के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से उनकी गाड़ी को साइड से टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में उमंग बेनीवाल और राहुल गिल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। राहुल खत्री गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी को तुरंत आरवी हॉस्पिटल सेक्टर-90 ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना पर अतिरिक्त उपनिरीक्षक राजेश कुमार ईएचसी अमित के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शवों की शिनाख्त कर ली है। पुलिस अज्ञात गाड़ी चालक की तलाश कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

