गुरुग्राम: रोडरेज में कार चालक ने रॉड मारकर कर डाली ऑटो चालक की हत्या
राम चौक के पास साइड देने को लेकर हुआ था झगड़ा, इलाज के दौरान हुई ऑटो चालक की मौत
पुलिस ने आरोपी कैब चालक को किया गिरफ्तार
गुरुग्राम, 28 जुलाई (हि.स.)। दुंडाहेड़ा क्षेत्र के राम चौक के पास रोड रेज की एक मामूली घटना खूनी संघर्ष में बदल गई। साइड देने को लेकर हुए विवाद में एक कैब चालक ने लोहे की रॉड से ऑटो चालक के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी कैब चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि मृतक की पहचान अरविंद निवासी रायबरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, वह फिलहाल झाड़सा में रहकर ऑटो रिक्शा चलाता था। मृतक के भाई की शिकायत पर थाना दुंडाहेड़ा में हत्या का मामला दर्ज किया गया। जानकारी के अनुसार पीपल चौक से सेक्टर-18 जाने वाले मुख्य कट के पास ऑटो चालक और कैब चालक के बीच वाहन की साइड को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। इसी दौरान कैब चालक ने अपने वाहन से लोहे की रॉड निकालकर अरविंद के सिर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल अरविंद सड़क पर गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई ने शिकायत में बताया कि अस्पताल में अरविंद कुछ समय तक होश में था। उसने बताया कि साइड देने के विवाद के दौरान कार चालक ने रॉड से हमला किया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
हैरानी की बात यह रही कि मारपीट के दौरान अधिकांश लोग मूकदर्शक बने रहे और कई लोग अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाते रहे। बाद में स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया तथा घायल को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि कैब चालक की पहचान दलीप निवासी विजय नगर उत्तम नगर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सोमवार रात ऑटो चालक अरविंद और कैब चालक दलीप के बीच झगड़ा हुआ था। पूछताछ में कैब चालक दलीप ने बताया कि वह टैक्सी चलाता है और सड़क पर साइड लेने को लेकर ऑटो चालक से झगड़ा हुआ था जिस दौरान उसने ऑटो चालक के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

