गुरुग्राम में वयोवृद्ध सेवानिवृत्त टीचर की हत्या
-चोरी करने के लिए महिला के घर में घुसा था आरोपी
गुरुग्राम, 05 अक्टूबर (हि.स.)। शहर की न्यू कॉलोनी में 100 रुपये के लिए एक बुजुर्ग रिटायर्ड टीचर की हत्या कर दी गई। चोरी के इरादे से घर में घुसा युवक महिला से 100 रुपये मांग रहा था। विरोध करने पर युवक ने महिला को धक्का देकर गिरा दिया, जिससे लगी चोट के कारण उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी बगल के घर में कूदकर छिप गया, जिसे पुलिस ने 2-3 घंटे की तलाश के बाद पकड़ लिया।मृतका की पहचान मधु शर्मा (75) के रूप में हुई है। वह न्यू कॉलोनी में मदर डेयरी के पास मकान नंबर-180 में अकेली रहती थीं। मधु पेशे से टीचर थी और 15 साल पहले रिटायर हुई थीं। पड़ोसियों के मुताबिक वह मिलनसार स्वभाव की थीं। बताया जा रहा है कि मधु की शादी मेरठ में हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद ही वह वापस मायके आ गई थीं और न्यू कॉलोनी स्थित पैतृक मकान में रहने लगीं। माता-पिता की मौत के बाद वह घर में अकेली थीं, जबकि भाई-भाभी अलग रहते हैं। रविवार की रात को एक युवक मधु के घर में घुसा। पड़ोसी इक्षित नागपाल ने उसे बालकनी से देख लिया। युवक छत की तरफ गया तो इक्षित को शक हुआ और उसने अन्य पड़ोसियों और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। न्यू कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो मधु घर में मृत पड़ी मिलीं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है। उसे लगा था कि लाइट बंद होने से मकान खाली होगा। अंदर महिला को देखकर वह हड़बड़ा गया। उसने घर से कुछ सामान इक्कठा किया और मधु से 100 रुपये मांगने लगा। विरोध करने पर हाथापाई हुई और आरोपी ने उन्हें धक्का दे दिया। जमीन पर गिरने से उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मधु के घर से कूदकर बगल वाले मकान में छिप गया। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे करीब 2-3 घंटे बाद वहीं से पकड़ लिया। मधु को सेक्टर-10ए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पड़ोसियों का कहना है कि मधु की प्रॉपर्टी पर कुछ लोगों की नजर थी। वह अक्सर कहती थीं कि उनकी जान को खतरा है और प्रॉपर्टी के लिए उनकी हत्या हो सकती है। पुलिस ने पड़ोसी इक्षित नागपाल की शिकायत पर हत्या और चोरी का केस दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

