गुरुग्राम: खराब ड्राइविंग का विरोध किया तो दंपत्ति पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास

WhatsApp Channel Join Now

पुलिस ने आरोपियों को किया काबू, एक अवैध पिस्टल भी बरामद

गुरुग्राम, 06 अप्रैल (हि.स.)। मानेसर थाना क्षेत्र में एक दम्पत्ति ने कार सवार युवकों की खराब ड्राइविंग का विरोध किया तो उन पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया गया। युवक नशे में धुत होकर गाड़ी चला रहे थे। महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शराब के नशे में काबू युवक को थाने ले जाया गया। उससे एक अवैध पिस्टल भी बरामद की गई है।

साउथ सिटी-2 गुरुग्राम निवासी पूजा जैन ने सोमवार को मानेसर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने पति सुनील राघव के साथ बावल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मानेसर पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास पहुंचे तो एक कार की टक्कर लगने से बाल-बाल बचे। शिकायत के अनुसार दोनों युवक शराब पी रहे थे और फोन चलाते हुए गाड़ी चला रहे थे। जब उनका विरोध किया तो आरोपियों ने गाड़ी साइड में लगा ली। कुछ देर बाद देखा तो युवकों ने महिला के पति सुनील राघव के साथ मारपीट करने लगे। आरोपी उसके पति को फ्लाईओवर से गिराने का प्रयास करते दिखा। इस पर महिला ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर दी। कुछ ही देर बाद पुलिस पीसीआर मौके पर पहुच गई। दोनों आरोपियों को थाने ले जाकर उनकी ड्रंग एंड ड्राइव का टेस्ट किया गया, तो शराब पीए हुए मिले। आरोपियों की गाड़ी की जांच की गई तो उसमें एक अवैध पिस्टल बरामद हुई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की पहचान अजय व मनोज के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story