गुरुग्राम में बिजली की खराबी में थामे रैपिड मेट्रो के पहिये
35 मिनट तक मेट्रो का नहीं हो पाया संचालन
यात्रियों के पैदल ही ट्रैक के साथ मेट्रो स्टेशन पहुंचने की सूचना
गुरुग्राम, 23 मई (हि.स.)। शुक्रवार की रात को यहां बिजली बाधित होने से मेट्रो रेल का भी संचालन बाधित हो गया। बिजली विभाग का कहना है कि 35 मिनट बिजली बाधित रही और फिर मेट्रो संचालन शुरू हो गया। बता दें कि रैपिड मेट्रो का संचालन डीएमआरसी द्वारा किया जाता है।
जानकारी के अनुसार पीजीसीआईएल सेक्टर-72 की 220 केवी दोनों सर्किटों में तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण गुरुग्राम के कई विद्युत सब-स्टेशनों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
बिजली निगम अधिकारियों के अनुसार, एक सर्किट को लगभग आधे घंटे के भीतर पुनः चालू कर दिया गया। रैपिड मेट्रो सेवा रात 7:50 बजे से 8:25 बजे तक करीब 35 मिनट प्रभावित रही। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। हालांकि चर्चा रही कि दो घंटे तक मेट्रो सेवा प्रभावित रही।
बताया गया कि दोनों सर्किट का सीटी (करंट ट्रांसफार्मर) क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते सेक्टर-15, 38, 44, 46, 52, 56 तथा मारुति क्षेत्र के सब-स्टेशनों की आपूर्ति बाधित हुई।
शुरुआत में एक ही सर्किट पर लोड संचालित होने के कारण कुछ क्षेत्रों में एहतियातन बिजली कटौती लागू की गई थी। निगम अधिकारियों एवं तकनीकी टीमों के प्रयासों से रात 10:10 बजे तक पीजीसीआईएल सेक्टर-72 के दोनों 220 केवी सर्किटों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह सुचारू कर दी गई।
डीएचबीवीएन एवं एचवीपीएन की टीमों ने लगातार समन्वय बनाकर कार्य किया तथा प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति सामान्य करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

