गुरुग्राम: राजीव चौक फ्लाईओवर पर महिला से अभद्रता व मारपीट में दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

गुरुग्राम, 08 जून (हि.स.)। यहां राजीव चौक फ्लाईओवर पर महिला के साथ अभद्रता करने के साथ मारपीट, धमकी और वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस मामले में थाना सदर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार सात जून 2026 को एक महिला ने शिकायत दी थी कि छह जून की रात करीब सवा आठ बजे वह राजीव चौक फ्लाईओवर पर अपनी कार से जा रही थी। इसी दौरान पीछे से कार से तेज गति से आ रहे व्यक्ति ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे उसकी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद उस कार में सवार लोगों ने महिला के साथ गाली-गलौज की, अभद्र व्यवहार किया। वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी। उसकी कार को नुकसान पहुंचाया और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर थाना सदर में मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल वर्मा, 22 वर्ष, निवासी गांव नाहरा जिला सोनीपत और सुजल वर्मा निवासी बख्तावरपुर दिल्ली के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली से मानेसर जा रहे थे। रास्ते में दुर्घटना के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और विवाद बढऩे पर उन्होंने शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक मार्ग में बाधा उत्पन्न करने और सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज करने का एक मामला पहले से सोनीपत में दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद कर ली है। दोनों को सोमवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story