गुरुग्राम: राव इंद्रजीत सिंह से विकास की उम्मीद करना बेमानी: राज बब्बर

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: राव इंद्रजीत सिंह से विकास की उम्मीद करना बेमानी: राज बब्बर


-पूर्व सांसद एवं गुडग़ांव से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे राज बब्बर ने उठाए सवाल

-दिल्ली में कल रविवार को कांगे्रस की रैली को लेकर ली बैठक

गुरुग्राम, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व सांसद एवं गुडग़ांव लोकसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे राज बब्बर ने केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह पर करारा सियासी हमला बोला है। दिल्ली में होने वाली लोकतंत्र बचाओ रैली की पूर्व संध्या पर गुरुग्राम में कार्यकर्ताओं की तैयारी बैठक के दौरान राज बब्बर ने कहा कि जिस नेता की अपनी ही पार्टी में कोई कद्र नहीं रह गई है, उनसे इलाके के विकास या जनता के काम की उम्मीद लगाना पूरी तरह बेमानी है। बैठक में जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर, जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इससे पूर्व राज बब्बर, पंकज डावर, वर्धन यादव समेत तमाम नेताओं, कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद बैठक में राज बब्बर ने कहा कि राव इंद्रजीत ने खुद विभाजन विभीषिका के कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय समेत वरिष्ठ नेताओं के सामने यह स्वीकार किया था कि उन्हें पार्टी के प्रमुख कार्यक्रमों में आमंत्रित तक नहीं किया जाता। जब सत्ताधारी दल के भीतर ही केंद्रीय मंत्री की इज्जत दांव पर लगी है, तो वे क्षेत्र के हकों की लड़ाई क्या खाक लड़ेंगे। राज बब्बर ने भाजपा के उन आरोपों पर भी तीखा पलटवार किया, जिसमें कांग्रेस और राहुल गांधी पर भीड़तंत्र के सहारे सत्ता पाने की कोशिश का आरोप लगाया जा रहा था। उन्होंने 2013-14 के राजनीतिक घटनाक्रम की याद दिलाते हुए कहा कि भाजपा आज दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपना इतिहास देखे।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने अपने संबोधन में कहा कि गुरुग्राम शहर की तरफ से इस रैली में सबसे ज्यादा भागीदारी रहेगी। हमारी सभी ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर की टीमें पूरी तरह तैयार हैं। सुबह से ही बसें रवाना होंगी। हमें यह दिखाना है कि गुरुग्राम का कार्यकर्ता राहुल जी और खडग़े जी के साथ चट्टान की तरह खड़ा है। कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि आज जब जनता अपने अधिकारों के लिए सडक़ों पर उतर रही है, तो भाजपा बौखलाहट में निराधार बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा से जो अलख जगाई है, उसे हमें घर-घर तक ले जाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770142 Articles

Share this story