गुरुग्राम: बरसात में मिलेनियम सिटी में हुआ जलभराव, पैदा हुई परेशानी
-जलभराव के बीच बंद हुए वाहनों को निकालने में लगी रही यातायात पुलिस
गुरुग्राम, 06 अगस्त (हि.स.)। मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में बुधवार की रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार दोपहर बाद तक लगातार होती रही। इस कारण कई इलाके पानी में डूब गए। बरसात से जलभराव में वाहन भी बंद हो गए। कई जगह जाम की स्थिति बनी रही। जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस चौक-चौराहों पर तैनात रही और पानी में बंद हुए वाहनों को पुलिसकर्मी क्रेन की मदद से निकलवाते रहे।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुग्राम में रातभर अच्छी बारिश दर्ज की गई। रात ढाई बजे शुरू हुई मूसलाधार बरसात लगातार होती रही। सेक्टर-14, हीरो होंडा चौक, इफ्को चौक, राजीव चौक, सोहना रोड, सिग्नेचर टावर, सेक्टर-9, सिविल लाइंस और पुराने गुरुग्राम के कई इलाके पानी में डूब गए। नालों और ड्रेनेज सिस्टम के ओवरफ्लो होने से पानी सडक़ों पर आ गया। कई जगह तीन-चार फीट तक पानी भर गया। दफ्तर और स्कूल जाने वाले लोगों और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। जलभराव के कारण एनएच-48 पर भी रफ्तार धीमी पड़ गई। बीच सडक़ पर पानी भरने से कई कारें और दुपहिया वाहन बंद हो गए। इफ्को चौक और राजीव चौक के पास तो दर्जनों गाडिय़ां एक साथ खराब हो गईं। बारिश के कारण घंटों लंबा जाम लगा रहा। लोग ऑफिस और जरूरी काम के लिए घंटों ट्रैफिक में फंसे रहे। कई जगह एंबुलेंस को भी निकलने में परेशानी हुई। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने जलभराव और जाम के वीडियो और फोटो शेयर कर प्रशासन कोसा। स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस सुबह से ही अलर्ट मोड में रही।
पुलिसकर्मी शहर के संवेदनशील चौराहों और जलभराव वाले पॉइंट्स पर तैनात रहे। ट्रैफिक डीसीपी ने बताया कि पानी में बंद हुए वाहनों को क्रेन की मदद से निकलवाकर रास्ते खुलवाए गए। साथ ही डायवर्जन देकर ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया। हीरो होंडा चौक और महिपालपुर बॉर्डर पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि बिना जरूरी काम घर से न निकलें और जलभराव वाले इलाकों से बचें।
लगातार जलभराव को लेकर स्थानीय लोगों में गुस्सा है। लोगों का कहना है कि हर साल बरसात में गुरुग्राम ऐसे ही डूबता है। करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद ड्रेनेज और सडक़ों की हालत नहीं सुधरी। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण पंपिंग में दिक्कत आई। टीमें मौके पर लगी हैं और जल्द पानी की निकासी कर दी जाएगी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में गुरुग्राम पुलिस ने कॉर्पोरेट कंपनियों से वर्क फ्रॉम होम का परामर्श भी जारी किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

