गुरुग्राम: रेलवे रोड पर लापरवाही व कथित भ्रष्टाचार पर भी एक्शन लो सीएम साहब: पंकज डावर

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: रेलवे रोड पर लापरवाही व कथित भ्रष्टाचार पर भी एक्शन लो सीएम साहब: पंकज डावर


-ना विधायक, ना पार्षद और ना अधिकारी इस पर ध्यान दे रहे

-पांच महीने पहले घटिया तरीके से लगाई टाइलें उखाडऩे के बाद लगाई ही नहीं

-जांच होनी चाहिए कि इस काम के बिल पास हुए या नहीं

गुरुग्राम, 11 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर ने बुधवार को ओल्ड रेलवे रोड के डिवाइडर की दुर्दशा दिखाते हुए भाजपा सरकार, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकारी काम में लापरवाही और भ्रष्टाचार देखना है तो ओल्ड रेलवे रोड पर जाकर देख लीजिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि रेलवे रोड पर हुए इस घटिया काम की जांच कराकर दोषी अधिकारियों और ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज की जाए। हकीकत तो यह है कि यह काम हुआ ही नहीं।

पंकज डावर ने बुधवार को बताया कि कबीर भवन चौक से आगे रेलवे रोड तक डिवाइडर पर पांच महीने पहले लॉकिंग टाइलें लगाई गई थीं। काम इतना घटिया था कि कोई भी देखकर बता दे कि इसमें बड़ी लापरवाही और कथित भ्रष्टाचार हुआ है। अगर भ्रष्टाचार न हुआ होता तो यह काम बहुत बढिय़ा हो जाता। ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत इसमें दिख रही है। पहली बार जब यह डिवाइडर पर टाइलें लगाई गई तो ना टाइलों के लॉक मिलाए गए, ना लेवल सही किया गया। टाइलें बेतरतीब तरीके से, काफी गैप छोडक़र, ऊबड़-खाबड़ लगा दी गईं।

डावर ने कहा कि उन्होंने नौ जुलाई 2026 को इस मुद्दे को उन्होंने उठाया था। आवाज उठाने के अगले ही दिन ठेकेदार ने टाइलों को दोबारा लगाने के नाम पर उखाडक़र एक जगह इकट्ठा कर दिया। लेकिन आज पांच महीने बीतने के बाद भी टाइलें ज्यों की त्यों पड़ी हैं। उन्हें दोबारा लगाने की शुरुआत तो क्या सोचा तक नहीं हुई है।

जांच हो और दोषियों पर दर्ज हो एफआईआर

डावर ने कहा कि जनता की कमाई को इस तरह बर्बाद करने का अधिकार किसी को नहीं है। अगर सीएम साहब सच में भ्रष्टाचार पर एक्शन लेना चाहते हैं तो रेलवे रोड पर इस लापरवाही पर भी एक्शन लें। इस काम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यह जांच होनी चाहिए कि इस काम के बिल पास हुए या नहीं, पेमेंट हुई या नहीं। दोषी अधिकारियों और ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story