गुरुग्राम: निजी स्कूल में ताइक्वांडो कोच को जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप
-स्कूल प्रिंसिपल समेत पांच पर मुकदमा दर्ज
-महिला अधिवक्ता ने अनुसूचित जाति आयोग व मानवाधिकार आयोग में शिकायत दी
गुरुग्राम, 24 नवंबर (हि.स.)। शहर के एक नामी स्कूल में ताइक्वांडो कोच के पद पर कार्यरत दलित युवक को जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगा है। कोच आकाश कदम ने स्कूल प्रशासन पर यह आरोप लगाया है। इस मामले में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट चंडीगढ़ और जिला एवं सत्र न्यायालय गुरुग्राम में वकील निशा तंवर एडवोकेट के प्रयासों से पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल सहित चार अन्य पर मुकदमा दर्ज किया है।
पीडि़त का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत को एक महीने तक दबाए रखा। जिसके खिलाफ राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई है। मुकदमा दर्ज हुए दो सप्ताह बीत जाने के बावजूद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। प्रिंसिपल सहित पांच आरोपी स्कूल में दिखाई नहीं दे रहे हैं। कदम ने अपनी शिकायत में बताया कि स्कूल प्रिंसिपल, अकाउंटेंट व अन्य तीन सदस्यों ने उन्हें जातिसूचक गालियां देकर अपमानित किया। इसके अलावा मानसिक उत्पीडऩ करते हुए इस्तीफा देने के लिए मजबूर कर दिया। उसे आत्महत्या के लिए उकसाने और उसका वेतन हड़पने का भी आरोप है। पीडि़त ने सेक्टर-10ए थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने इसे एक महीने तक लटकाए रखा। 12 नवंबर को अनुसूचित जाति/जनजाति के तहत एफआईआर दर्ज की। अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पीडि़त आकाश कदम अपनी समस्या लेकर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट चंडीगढ़ और जिला एवं सत्र न्यायालय गुरुग्राम की वकील निशा तंवर एडवोकेट के पास पहुंचे। निशा तंवर ने मामले का अध्ययन करने के बाद राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दाखिल की। उन्होंने अपनी शिकायत में मांग की है कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। पीडि़त को उचित मुआवजा और बकाया सैलरी दी जाए, साथ ही उनकी नौकरी बहाल की जाए। जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश देकर स्कूल की मान्यता तत्काल रद्द करने की मांग की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

