गुरुग्राम: रेपिड मेट्रो की बिजली फेल होने पर तीन अधिकारी निलंबित

WhatsApp Channel Join Now


- सेक्टर-72 बिजली घर में फॉल्ट के बाद सरकार की सख्ती

गुरुग्राम, 24 मई (हि.स.)। बिजली संकट को लेकर राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई 22 मई की रात सेक्टर-72 स्थित 220 केवी बिजली घर में बड़े फॉल्ट के बाद की गई, जिसके चलते शहर के कई इलाकों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड की ओर से जारी आदेशों के अनुसार पल्ली सब स्टेशन के सहायक कार्यकारी अभियंता संदीप सिंह, पल्ली सब स्टेशन के जूनियर इंजीनियर ब्रिजेश तथा सेक्टर-72 सब स्टेशन के जूनियर इंजीनियर संदीप नैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

बताया जा रहा है कि फॉल्ट के कारण बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी और कई रिहायशी व व्यावसायिक क्षेत्रों में लंबे समय तक अंधेरा छाया रहा। घटना के बाद सरकार और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे। गुरुग्राम जैसे हाईटेक और आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण शहर में इस तरह की बड़ी बिजली बाधा ने प्रशासन की तैयारियों पर भी प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए।

बिजली आपूर्ति बाधित होने का सबसे बड़ा असर गुरुग्राम की रैपिड मेट्रो पर पड़ा। फॉल्ट के कारण रैपिड मेट्रो का संचालन प्रभावित हो गया था। यात्रियों को ट्रैक पर पैदल चलकर बाहर निकलना पड़ा। करीब दो घंटे तक मेट्रो सेवा प्रभावित रही।

हरियाणा की आर्थिक राजधानी माने जाने वाले गुरुग्राम में हुई इस घटना ने सरकार की किरकिरी कराई है। बिजली संकट और मेट्रो सेवा बाधित होने के कारण यात्रियों, कंपनियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। अब सरकार ने जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है और बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story