गुरुग्राम: पोस्ट ऑफिस में नौकरी के नाम पर 7.53 लाख की ठगी के दो आरोपी काबू
-गुरुग्राम पुलिस ने बिहार से काबू किए दोनों आरोपी
गुरुग्राम, 24 जून (हि.स.)। पोस्ट ऑफिस में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 7.53 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि गुरुग्राम पुलिस ने ठगी के इस मामले में दो आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार किया है।
सेक्टर-10 पुलिस को 24 अगस्त 2025 को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि वर्ष 2020 में आरोपियों ने उसकी पत्नी को पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इसके बाद 2020 से 2023 के बीच विभिन्न किस्तों में उससे करीब 7.53 लाख रुपये ले लिए। वर्ष 2023 में आरोपियों ने व्हाट्सऐप पर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी भेज दिया। जब शिकायतकर्ता ने लेटर अपने दोस्त को दिखाया तो उसने फर्जी होना बताया। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने इनकार कर दिया। शिकायत पर सेक्टर-10 थाने में मामला दर्ज किया गया था।सेक्टर-10 पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 19 जून 2026 को बिहार से भारत भूषण चौधरी उम्र 37 वर्ष और वेद प्रकाश उम्र 43 वर्ष दोनों निवासी गांव करहरा जिला नवादा बिहार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों को बिहार की अदालत में पेश कर तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड लिया। पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता आरोपियों के पड़ोसी गांव का रहने वाला है। आरोपियों ने इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर उसकी पत्नी को नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी की। पुलिस ने 22 जून को दोनों को गुरुग्राम की अदालत में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

