गुरुग्राम: पुलिस ने माफिया से मुक्त कराई सरकारी संपत्ति

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: पुलिस ने माफिया से मुक्त कराई सरकारी संपत्ति


-जीरो टोलरेंस नीति के तहत पुलिस ने की कार्रवाई

गुरुग्राम, 17 अप्रैल (हि.स.)। जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए पुलिस ने शुक्रवार को भूमि माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने जेमडी एम्पायर बिल्डिंग पर किए गए अवैध कब्जों की पहचान कर उन्हें पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-43 गुरुग्राम द्वारा कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच की गई। पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को गिराकर जमीन को पूरी तरह कब्जा मुक्त कराया गया।

पुलिस द्वारा जांच के दौरान पुलिस ने इस अवैध नेटवर्क से जुड़े दो मुख्य आरोपियों की पहचान की है। इनमें जिला नादिया (पश्चिम बंगाल) निवासी श्रीकुल शेख व जिला अलीपुर (पश्चिम बंगाल) निवासी मोन्टू मियां शामिल हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ अवैध मादक पदार्थों से जुड़े मामलों सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि ये आरोपी लंबे समय से अवैध गतिविधियों में लिप्त थे। ये लोग शहर में अवैध रूप से झुग्गी-बस्तियां बसाते थे और वहां रहने वाले गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को परेशान करते थे। इसके साथ ही, वे लोगों से अवैध वसूली भी करते थे, जिससे आम नागरिकों का जीवन प्रभावित हो रहा था।

गुरुग्राम पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अवैध कब्जों और अपराधों के खिलाफ आगे भी सख्ती जारी रहेगी। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि गुरुग्राम पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान न केवल अवैध कब्जों को हटाने तक सीमित है, बल्कि इसके जरिए अपराधियों के पूरे नेटवर्क को समाप्त करने पर भी जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर को अपराध मुक्त बनाने की दिशा में पुलिस का इस तरह का अभियान जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story