गुरुग्राम: दो करोड़ की लौंग चोरी, 20 टन माल और दो ट्रक बरामद

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: दो करोड़ की लौंग चोरी, 20 टन माल और दो ट्रक बरामद


पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

गुरुग्राम, 17 अक्टूबर (हि.स.)। गुरुग्राम पुलिस ने करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की लौंग चोरी में बड़ी सफलता हासिल की है। क्राइम ब्रांच बिलासपुर की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 टन 900 किलोग्राम लौंग और वारदात में इस्तेमाल दो ट्रक बरामद किए हैं।

आरोपियों की पहचान मनन निवासी रानियाला पटकपुर (नूंह), जुनैद निवासी बिछोर (नूंह) और अजीज निवासी बिलपतरी (असम) के रूप में हुई है। तीनों को 16 अक्टूबर को राठीवास स्थित पास्को फिटिंग सेंटर के पास से गिरफ्तार किया गया।बता दें कि 14 अक्टूबर 2026 को एबीसी एक्सप्रेस कंपनी के अधिकारी ने थाना सेक्टर-10 में शिकायत दी थी कि नवी मुंबई से दिल्ली भेजी जा रही 500 बोरियों में करीब दो करोड़ की लौंग की खेप गायब है। यह खेप महाराष्ट्र के न्हावा शेवा से एक ट्रक में दिल्ली भेजी जा रही थी।

11 अक्टूबर को ड्राइवर को डिलीवरी का पता दिया गया, लेकिन माल नहीं पहुंचा। ड्राइवर के दोनों फोन बंद मिले। बाद में ट्रक बावल के पास रॉयल पेपर होटल के पास खाली और लावारिस खड़ा मिला। जीपीएस लोकेशन से पता चला कि 12 अक्टूबर की रात ट्रक गुरुग्राम के सेक्टर-93 में था। मौके पर बिखरी लौंग और बोरियों के लेबल मिले, जिससे साफ हुआ कि माल को यहीं उतारकर दूसरे ट्रकों में शिफ्ट किया गया था।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सेक्टर-88/89 के सुनसान इलाके में लौंग से भरा ट्रक खाली किया और माल को दो अन्य ट्रकों में भर लिया। एक ट्रक आरोपी मनन का है और जुनैद उसी पर ड्राइवर था। योजना थी कि चोरी की लौंग को असम ले जाकर बेचा जाएगा, जिसमें आरोपी अजीज की भूमिका माल बिकवाने की थी। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है और आगे पूछताछ जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762680 Articles

Share this story