गुरुग्राम :सड़कछाप स्टंटबाजों पर शिकंजा कसेगी एसटीफ, दो टीमें गठित

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम :सड़कछाप स्टंटबाजों पर शिकंजा कसेगी एसटीफ, दो टीमें गठित


-सोशल मीडिया रील के लिए नियम तोडऩे वालों पर हाेगी कार्रवाई

-डीसीपी ट्रैफिक करेंगे मॉनिटरिंग

गुरुग्राम, 01 जुलाई (हि.स.)। सडक़ पर स्टंट, रोड रेज और रील बनाने के चक्कर में लोगों की जान जोखिम में डालने वालों की अब खैर नहीं। गुरुग्राम पुलिस ने ऐसे लापरवाह ड्राइवरों पर नकेल कसने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पुलिस उपायुक्त यातायात के नेतृत्व में दो विशेष ट्रैफिक एनफोर्समेंट टास्क फोर्स का गठन किया गया है। पुलिस आयुक्त शिबास कबिराज ने स्टंटबाजों को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया है।

गुरुग्राम में पिछले कुछ महीनों से रोड रेज, खतरनाक ड्राइविंग, स्टंट, ओवर स्पीडिंग और सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए यातायात नियम तोडऩे की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। रॉन्ग साइड गाड़ी चलाना, मॉडिफाइड साइलेंसर से शोर मचाना और सार्वजनिक जगहों पर उपद्रव करना आम हो गया था। इन जानलेवा हरकतों से आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही थी। इन्हीं घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दो एसटीएफ टीमों का गठन किया है। इन विशेष टीमों का मुख्य मकसद रोड रेज, खतरनाक और तेज रफ्तार ड्राइविंग, स्टंटबाजी, ओवर स्पीडिंग करने वालों को पकडऩा है। साथ ही सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। टास्क फोर्स उन सभी यातायात उल्लंघनों पर नजर रखेगी जो सार्वजनिक सुरक्षा या कानून व्यवस्था को प्रभावित करते हैं।टास्क फोर्स सिर्फ सडक़ों पर ही नहीं, सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहेगी। इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर वायरल होने वाली स्टंट ड्राइविंग या नियम तोडऩे वाली रील्स और वीडियो पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। वीडियो में दिखने वाले वाहन और ड्राइवर की पहचान कर उन्हें ट्रेस किया जाएगा। इसके बाद नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। पुलिस उपायुक्त यातायात खुद दोनों टास्क फोर्स की कार्रवाई की नियमित समीक्षा करेंगे।

मॉडिफाइड वाहनों पर भी की जाएगी कार्रवाईटास्क फोर्स मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइक और कारों पर भी शिकंजा कसेगी। तेज आवाज कर दहशत फैलाने वाले वाहनों को जब्त किया जाएगा। रॉन्ग साइड चलने वालों के चालान के साथ-साथ लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई भी होगी। गुरुग्राम पुलिस का यह कदम सडक़ सुरक्षा की दिशा में अहम माना जा रहा है। उम्मीद है कि स्पेशल टास्क फोर्स के गठन से स्टंटबाजों और रोड रेज करने वालों में डर पैदा होगा और सडक़ें आम लोगों के लिए सुरक्षित हो सकेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story