गुरुग्राम: पुलिस शहीदी दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, परिजनों को किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: पुलिस शहीदी दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, परिजनों को किया सम्मानित


गुरुग्राम, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस शहीदी दिवस के अवसर पर बुधवार को गुरुग्राम पुलिस लाइन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस आयुक्त शिवास कविराज ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देशभर में कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले गुरुग्राम के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। पुलिस आयुक्त शिवास कविराज ने कहा कि आज का दिन उन वीर सपूतों के अदम्य साहस और कर्तव्य-परायणता को समर्पित है, जिनकी वजह से हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करता है। उन्होंने कहा कि शहीदों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, देश की एकता और अखंडता तथा नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य के गठन से लेकर अब तक हरियाणा पुलिस के 88 पुलिसकर्मी बलिदान दे चुके हैं। वहीं 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के दौरान पूरे देश में कुल 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिनमें चार हरियाणा पुलिस के जवान शामिल हैं। डीसीपी मुख्यालय अंशु सिंगला ने सभी 154 शहीदों के नाम पढक़र उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में शहीद उप-निरीक्षक ओमप्रकाश निवासी गांव लोकरी और ई/एएसआई राजेंद्र निवासी गांव धनकोट के परिजनों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा पुलिस शहीद फाउंडेशन और आरडब्ल्यूए पुलिस लाइन की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 पुलिसकर्मियों और 10वीं-12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों के 15 बच्चों को भी सम्मानित किया गया। बता दें कि 21 अक्टूबर 1959 को भारत-तिब्बत सीमा पर लद्दाख में सीआरपीएफ के 10 जवान गश्त के दौरान चीनी सैनिकों के घात लगाकर किए गए हमले में शहीद हो गए थे। तभी से हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त संगीता कालिया, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय अंशु सिंगला, डीसीपी पूर्व संदीप, डीसीपी दक्षिण आयुष यादव, डीसीपी मानेसर प्रतीक गहलोत, डीसीपी अपराध नीतीश अग्रवाल, डीसीपी पश्चिम वाई.वी.आर. शशि शेखर, डीसीपी ट्रैफिक हितेश यादव सहित सभी एसीपी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764546 Articles

Share this story