गुरुग्राम: पुलिस की टोपी क्या यातायात नियम तोडऩे का लाइेंसस...

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: पुलिस की टोपी क्या यातायात नियम तोडऩे का लाइेंसस...


-कार की नंबर प्लेट से मिटा रखे थे आगे-पीछे से आधे नंबर

-पुलिस बूथ से चंद कदमों की दूरी पर खड़ी कार को किया गया अनदेखा

गुरुग्राम, 20 नवंबर (हि.स.)। पुलिस की टोपी की अहमियत जाननी है तो सिविल लाइन क्षेत्र में खड़ी उस कार से जानिये, जिसकी नंबर प्लेट से आगे-पीछे के आधे नंबर मिटाने पर भी पास में खड़े पुलिस कर्मियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। क्योंकि उसके आगे डैशबोर्ड पर पुलिस की टोपी रखी थी। आगे से पांच डिजिट का ब्लैक कलर उतार रखा था और पीछे से चार डिजिट का ब्लैक कलर उतार रखा था।

शहर में लगे कैमरे से चालान ना कटे, इससे बचने वाला यह कार चालक बेधडक़ निकल ही रहा होगा। कैमरे को तो चकमा दे दिया, मगर सिविल लाइन में पुलिस बूथ से चंद कदम की दूरी पर खड़ी यह कारपुलिसकर्मियों को नजर नहीं आई। अगर आई होगी तो उसे अनदेखा कर दिया होगा। क्योंकि उसके भीतर पुलिस की टोपी रखी थी। क्या पुलिस की टोपी रख देने मात्र से किसी भी यातायात के नियम की धज्जियां उड़ाने की परमिशन मिल जाती है। जिला सैनिक बोर्ड के पास बने पुलिस बूथ के पास का है। पुलिस बूथ के ठीक पास में यह कार खड़ी थी। साफ लग रहा था कि इसके नंबर प्लेट के साथ जान-बूझकर छेड़छाड़ की गई है।

सवाल यह उठता है कि क्या पुलिस की टोपी, वर्दी या पुलिस का कोई निशान रख देने से कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर हो जाता है।

नियमों के मुताबिक, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करना, नंबर मिटाना या उसे अपठनीय बनाना मोटर वाहन अधिनियम के तहत गंभीर अपराध है। ऐसा करने पर भारी जुर्माना, वाहन जब्ती और कई मामलों में मुकदमा तक दर्ज हो सकता है। ऐसा इसलिए किया जाता है ताकि चालान से बचा जा सके, टोल से बचा जा सके या किसी अपराध के बाद वाहन की पहचान न हो सके। इसलिए पुलिस को ऐसे वाहनों पर सबसे ज्यादा नजर रखनी चाहिए। अब सवाल यह है कि क्या यह कार किसी पुलिसकर्मी की है या किसी ऐसे व्यक्ति की है जो पुलिस की टोपी रखकर पुलिस को गुमराह कर रहा है। दोनों ही स्थितियों में यह मामला गंभीर है। अगर यह कार पुलिसकर्मी की है तो नियम तोडऩे पर उस पर और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अगर यह कार किसी आम व्यक्ति की है जो पुलिस की टोपी का गलत इस्तेमाल कर रहा है तो यह पुलिस की छवि का दुरुपयोग है और इस पर भी कार्रवाई बनती है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story