गुरुग्राम पुलिस ने जून में 76 गुमशुदा बच्चों सहित 211 लोगों को परिजनों से मिलाया

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम पुलिस ने जून में 76 गुमशुदा बच्चों सहित 211 लोगों को परिजनों से मिलाया


बिछड़ों को अपनों से मिलाकर मानवता की मिसाल

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी मदद से मिली सफलता

गुरुग्राम, 05 जुलाई (हि.स.)। बिछड़े हुए अपनों को उनके परिवारों से मिलाकर गुरुग्राम पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने मानवता की मिसाल पेश की है।

गुरुग्राम पुलिस ने जून-2026 माह में कुल 211 गुमशुदा बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं अन्य व्यक्तियों को सकुशल ढूंढकर उनके परिजनों से मिलाया। इसमें 76 बच्चे शामिल हैं।

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार गुमशुदा बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं अन्य व्यक्तियों को सुरक्षित तलाश कर उनके परिजनों तक पहुँचाना, उनके चेहरे पर मुस्कान लौटाना तथा उनके सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से पुलिस द्वारा नियमित रूप से विशेष अभियान चलाकर गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश की जाती है। पुलिस की विभिन्न थाना टीमों एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट द्वारा त्वरित कार्यवाही, तकनीकी सहायता तथा लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है।

बरामद किए गए बच्चों, महिलाओं एवं अन्य गुमशुदा व्यक्तियों की आवश्यकतानुसार काउंसलिंग भी कराई गई।

इसके बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिवारों के हवाले किया गया। अपने लापता परिजनों के सकुशल मिलने पर परिवारों ने गुरुग्राम पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस का हार्दिक आभार व्यक्त किया। गुरुग्राम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई बच्चा, महिला, बुजुर्ग अथवा अन्य व्यक्ति गुम हो जाए तो बिना समय गंवाए तुरंत निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर सूचना दें। समय पर दी गई सूचना गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story