गुरुग्राम: पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़, चार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़, चार गिरफ्तार


-सेक्टर-65 में लूट की योजना बनाते हुए बदमाशों के साथ मुठभेड़

गुरुग्राम, 14 अक्टूबर (हि.स.)। अपराध शाखा सेक्टर-65 ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की योजना बना रहे तीन हथियारबंद बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि बदमाशों की गोली से एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि इस नेटवर्क के चौथे आरोपी को भी पकड़ लिया गया जो इनको ड्रग्स सप्लाई करता था।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 136 ग्राम एमडीएमए एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और खाली खोल बरामद हुआ है। नौ अक्टूबर की रात क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि तीन हथियारबंद युवक लूट की वारदात को अंजाम देने वाले हैं। सूचना पर नंगली उमरपुर से सेक्टर-62 रोड पर नाकाबंदी की गई। रात करीब 11 बजे बाइक पर आए 3 युवकों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने बाइक भगाते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। एक गोली पुलिस वाहन पर लगी और दूसरी एक पुलिसकर्मी की बाजू में लगी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मार्फत उर्फ मारू (32) और फूल बाबू शेख (26) के पैर में गोली लगी। तीसरे आरोपी श्रीकुल शेख (37) को भी मौके पर काबू कर लिया गया।

तीनों पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और नादिया जिले के रहने वाले हैं। मुठभेड़ में नौ राउंड फायरिंग हुई। छह राउंड बदमाशों ने और तीन पुलिस ने किए।घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और 11 अक्टूबर को डिस्चार्ज होने के बाद गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि इन्हें ड्रग्स कबीर नामक युवक सप्लाई करता है। पुलिस ने कबीर निवासी बाली, मुर्शिदाबाद को भी 11 अक्टूबर को सेक्टर-62 से गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि फूल बाबू शेख पर एनडीपीएस एक्ट के मामले में पहले से इनाम घोषित था। मार्फत पर चार केस, फूल बाबू पर दो और श्रीकुल पर एक केस दर्ज है। आरोपी मार्फत को कोर्ट से 19 अक्टूबर तक रिमांड पर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760701 Articles

Share this story