गुरुग्राम: पुलिसकर्मी को मुफ्त राइड नहीं देने पर काट दिया ऑटो का चालान
गुरुग्राम, 22 अगस्त (हि.स.)। सेक्टर-56 रेपिड मेट्रो स्टेशन के पास कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी द्वारा मुफ्त राइड नहीं मिलने पर ऑटो चालक का चालान काट दिया गया। इस घटना का एक वीडियो इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। समाचार लिखे जाने तक वीडियो की पुष्टि नहीं हो पाई थी। पुलिस की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी रेपिड मेट्रो स्टेशन के पास सवारी के इंतजार में खड़े एक ऑटो में बैठता दिखाई देता है। ऑटो चालक पुलिसकर्मी से कहता है कि उसने पहले से ऑनलाइन बुकिंग स्वीकार कर रखी है और उसकी सवारी आने वाली है। इसलिए वह इस समय नहीं जा सकता। चालक के मना करने पर पुलिसकर्मी ऑटो से उतर जाता है। वीडियो में आगे दिखाई देता है कि पुलिसकर्मी ऑटो की मोबाइल फोन से तस्वीरें खींचने लगता है। ऑटो चालक इसका विरोध करता है, लेकिन पुलिसकर्मी कथित तौर पर उसकी बात नहीं सुनता और ऑनलाइन चालान जारी कर देता है।
ऑटो चालक का आरोप है कि वह पुलिसकर्मी पहले भी कई बार उससे मुफ्त में यात्रा कर चुका है और किराया तक नहीं दिया। चालक का कहना है कि जब उसने इस बार मुफ्त राइड देने से इनकार किया तो पुलिसकर्मी ने अपनी वर्दी का रौब दिखाते हुए उसका चालान काट दिया। वीडियो में चालक यह भी दावा करता है कि यदि पुलिसकर्मियों को मुफ्त राइड न दी जाए तो वे इस तरह की कार्रवाई करते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। फिलहाल मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है और वायरल वीडियो के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

