गुरुग्राम पुलिस की साइबर टीमों ने एक सप्ताह में दबोचे 45 आरोपी
-आरोपियों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन समेत नकदी व अन्य सामान बरामद
गुरुग्राम, 02 सितंबर (हि.स.)। गुरुग्राम पुलिस द्वारा विभिन्न राज्यों में फैले साइबर अपराधियों एवं ठगों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। बीते एक सप्ताह में पुलिस की साइबर टीमों द्वारा 45 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि साइबर अपराध थाना टीमों के लगातार प्रयासों से साइबर अपराधों एवं साइबर ठगी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध यह प्रभावी कार्रवाई रही।पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि 24 अगस्त 2026 से 30 अगस्त 2026 के दौरान गुरुग्राम पुलिस की साइबर अपराध थाना टीमों द्वारा विभिन्न प्रकार की साइबर ठगी में संलिप्त 45 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी मुख्य रूप से इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड, एपीके फाइल, फेक इंस्टाग्राम आईडी, ट्रेडिंग फ्रॉड, इंस्टाग्राम हैकिंग, सैक्सटॉर्शन, टिकट बुकिंग फ्रॉड तथा जॉब फ्रॉड जैसी साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन, दो सिम, दो पासबुक व दो लाख 27 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध निरंतर व्यापक एवं तकनीकी जांच की जा रही है। साइबर ठगी में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्यवाही की जा रही है। नागरिकों की सुरक्षा गुरुग्राम पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

