गुरुग्राम: पौधारोपण सफलता के लिए हर पौधे को जीवन देने का लें संकल्प: राव नरबीर
-मानेसर में आयोजित 77वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव के दूसरे चरण का शुभारंभ
गुरुग्राम, 07 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि वर्षा ऋतु प्रकृति को संवारने का सबसे उपयुक्त अवसर है। प्रत्येक नागरिक को इस अभियान का सहभागी बनना चाहिए। वे शुक्रवार को गुरुग्राम के मानेसर में आयोजित 77वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव के दूसरे चरण के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे।मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि पौधे लगाना एक दिन का कार्य है, लेकिन उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार ने इस वर्ष व्यापक स्तर पर पौधारोपण के साथ-साथ प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल और संरक्षण पर विशेष बल दिया है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने लगाए हुए पौधे को परिवार के सदस्य की तरह अपनाकर उसका पालन-पोषण करे, तो हरियाणा आने वाले वर्षों में अधिक हरित, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त राज्य के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने और आने वाली पीढिय़ों के बेहतर भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण का संकल्प भी लें। राव नरबीर सिंह ने नागरिकों से सामाजिक आयोजनों में पारंपरिक छपे हुए निमंत्रण-पत्रों के स्थान पर मोबाइल और डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कागज के लिए पेड़ों की कटाई होती है, इसलिए यदि हम यह सब डिजिटली माध्यम से करते हैं तो कागज की बचत के साथ-साथ पेड़ों का संरक्षण भी होगा। कार्यक्रम में सोहना विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, हरियाणा वन विकास निगम के चेयरमैन रवि सैनी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक केसी मीणा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, मानेसर की मेयर डॉ इंद्रजीत यादव, डीसी उत्तम सिंह, सीपी शिवास कविराज, नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया, मानेसर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह, डीसीपी वेस्ट करण गोयल, एसडीएम दर्शन यादव, भाजपा गुरुग्राम महानगर जिला अध्यक्ष अजीत यादव, गुरुग्राम जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, कंजर्वेटर राजकुमार, डीएफओ सुरेंद्र दांगी सहित गणमान्य मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

