गुरुग्राम: नशे में धुत युवकों ने पेट्रोल डलवाने आए बाइक सवार को लाठी-डंडों से पीटा

WhatsApp Channel Join Now


घटना का वीडियो पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया

गुरुग्राम, 12 जून (हि.स.)। बसई रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर नशे में धुत युवकों द्वारा एक बाइक सवार की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला न्यू कॉलोनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार यह घटना गुरुवार देर रात की है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो युवक बाइक पर सवार होकर पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। देखते ही देखते आरोपियों ने एक युवक को पकड़ लिया और उस पर लाठी-डंडों, लात-घूंसों से हमला कर दिया और उसकी जमकर पिटाई की।

हमले के दौरान पीड़ित का साथी अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला, जबकि बदमाशों ने अकेला पाकर युवक को लगातार पीटा। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के समय पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग मूकदर्शक बने रहे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बसई रोड और न्यू कॉलोनी क्षेत्र में देर रात असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। पुलिस की पीसीआर गाड़ी आते ही ये लोग छिप जाते हैं, लेकिन बाद में फिर से इलाके में सक्रिय हो जाते हैं। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की जा रही है और पीड़ित पक्ष से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story