गुरुग्राम: पटौदी जटौली अनाज मंडी में बाजरे की सरकारी खरीद अस्थायी बंद

WhatsApp Channel Join Now

-ई-खरीद पोर्टल बंद होने से आगामी आदेश तक जारी नहीं होंगे बाजरे के गेटपास

-किसान मंडी में बाजरा लाने से पहले मार्केट कमेटी से करें संपर्क

गुरुग्राम, 10 नवंबर (हि.स.)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार बाजरे की सरकारी खरीद फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। बाजरे की खरीद के लिए संचालित ई-खरीद पोर्टल को भी आगामी आदेश तक बंद कर दिया गया है। इसके चलते फिलहाल बाजरे के गेटपास जारी नहीं हो सकेंगे।

मुख्य प्रशासक, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (एचएसएएम) पंचकूला द्वारा 10 नवंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से राज्य की मंडियों में बाजरे की खरीद बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत पटौदी जटौली अनाज मंडी में भी बाजरे की खरीद प्रक्रिया फिलहाल स्थगित रहेगी। मार्केट कमेटी पटौदी के चेयरमैन मनोज मोकलवास ने बताया कि यदि कोई वास्तविक किसान किसी कारणवश अपनी बाजरा फसल बेचने से वंचित रह गया है, तो ऐसे मामलों का सत्यापन उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित कमेटी द्वारा किया जाएगा। सत्यापन के उपरांत अनुमोदित किसानों की सूची हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड मुख्यालय एवं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को भेजी जाएगी, ताकि पात्र किसानों को ई-खरीद पोर्टल के माध्यम से बाजरा बेचने की अनुमति मिल सके।

मार्केट कमेटी सचिव विपिन यादव ने बताया कि किसानों को खरीद प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए मार्केट कमेटी कार्यालय से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पोर्टल दोबारा शुरू होने और खरीद संबंधी आगामी दिशा-निर्देश जारी होने पर किसानों को इसकी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि बिना पुष्टि किए बाजरा मंडी में न लाएं, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774867 Articles

Share this story