गुरुग्राम: ऑटो में सवारियों से लूटपाट करने पर महिला समेत तीन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: ऑटो में सवारियों से लूटपाट करने पर महिला समेत तीन गिरफ्तार


-आरोपियों के पास से लूट का सामान भी बरामद

गुरुग्राम, 29 अप्रैल (हि.स.)। ऑटो में यात्रियों को बिठाकर उनसे लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जा से एक सीएनजी ऑटो, लुट की दो सोने की अंगूठी, एक मोबाइल व एक घड़ी बरामद की गई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार 23 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना भोंडसी में शिकायत दी थी। शिकायत में कहा था कि 10/11 अप्रैल की रात को जब वह आईएफएससी बिल्डिंग सेक्टर-66 के बाहर ऑटो के इंतजार में खड़ा था, तब वहां पर एक ऑटो आकर रुका। उसमें ऑटो रिक्शा चालक के अलावा एक महिला व एक व्यक्ति बैठा था। उसने ऑटो रिक्शा चालक से मालिबु टाउन चलने के लिए पूछा तो उन्होंने हामी करते हुए उसे बिठा लिया। इसके बाद ऑटो वाला ऑटो को बीएसएफ कैंप भोंडसी के पीछे सुनसान जगह पर ले गया। वहां पर उस महिला व दोनों व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट की। चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उससे गहने, नगदी व पर्स लूट लिया। इस शिकायत पर थाना भोंडसी में केस दर्ज किया गया।

अपराध शाखा सोहना की टीम ने इस मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान इरफान (उम्र-26 वर्ष), सोहेल (उम्र-21 वर्ष) व रुकसाना तीनों निवासी नट कॉलोनी सोहना के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि शिकायतकर्ता के नशे में होने का फायदा उठाते हुए लालच में आकर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों के कब्जा से वारदात में प्रयोग किया गया एक सीएनजी ऑटो रिक्शा तथा लूटी हुई दो सोने की अंगूठी, एक मोबाइल फोन व एक घड़ी बरामद की गई। आरोपी इरफान व सोहेल को तीन दिन के पुलिस हिरासत रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया। आरोपी रुकसाना एक दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story