गुरुग्राम: अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का उदय ही पंडित दीनदयाल जी का रहा लक्ष्य: सर्वप्रिय त्यागी
-भाजपा कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर दी गई श्रद्धांजलि
गुरुग्राम, 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनसंघ के पूर्व अध्यक्ष एवं अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय गुरु कमल में उनका स्मरण किया गया। जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पंडित जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
अपने संबोधन में सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा और समाज के वंचित तबके के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि पंडित जी ने अंत्योदय का जो दर्शन देश को दिया, उसका सीधा अर्थ है समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का उदय। जब तक समाज के सबसे पिछड़े और गरीब व्यक्ति तक विकास की मुख्यधारा का लाभ नहीं पहुंचता, तब तक राष्ट्र की उन्नति अधूरी है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि आज केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के सिद्धांत को ही मूलमंत्र मानकर काम कर रही हैं। चाहे वह मुफ्त राशन योजना हो, आयुष्मान भारत योजना हो, या अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना-हर कदम गरीब को सशक्त बनाने के लिए उठाया जा रहा है। सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ बिना किसी भेदभाव के सीधे अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
सर्वप्रिय त्यागी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि पंडित जी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम सब मिलकर उनके विचारों को अपने जीवन में उतारें। हर कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ स्तर पर जाकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों से संपर्क साधे और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को उन तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करे। इस अवसर पर जिला महामंत्री अजीत यादव, जिला उपाध्यक्ष कुलदीप यादव, हितेश भारद्वाज, जिला कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन मित्तल, सह कोषाध्यक्ष मनोज तंवर, जिला कार्यालय प्रभारी यादराम जोया, जिला सचिव गंगा सिंह नेगी, प्रकाश सैनी, जिला मीडिया सह प्रभारी राजन चौहान, जिला कार्यालय सह प्रभारी दीपचंद फौजी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

