गुरुग्राम: एक राष्ट्र-एक चुनाव पर बने जनांदोलन: सुनील बंसल

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: एक राष्ट्र-एक चुनाव पर बने जनांदोलन: सुनील बंसल


-बोले, बार-बार चुनाव विकास की राह में स्पीड ब्रेकर

-शिक्षक समागम में राष्ट्रीय महामंत्री ने कही यह बात

गुरुग्राम, 12 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव किसी राजनीतिक दल के फायदे या नुकसान का विषय नहीं, बल्कि देश के विकास और लोकतांत्रिक व्यवस्था में सुधार का विषय है। यदि देश की जनता तय कर ले कि चुनाव एक साथ होने चाहिए, तो लोकतांत्रिक जनमत के आधार पर यह सुधार संभव है। उन्होंने शिक्षकों से इस विषय पर समाज के बीच जनचर्चा और जनजागरण का अभियान चलाने का आह्वान किया।

यह बात उन्होंने शनिवार को सेक्टर-89 स्थित जीएवी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित शिक्षा, शिक्षक और लोकतंत्र: एक राष्ट्र-एक चुनाव का संकल्प शिक्षक समागम में कही। सुनील बंसल ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से आर्थिक बोझ बढ़ता है, विकास कार्य प्रभावित होते हैं और आचार संहिता के कारण नीतिगत निर्णयों पर भी असर पड़ता है। उन्होंने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में करीब 1.35 लाख करोड़ रुपये खर्च होने का उल्लेख करते हुए कहा कि विधानसभा, स्थानीय निकाय, राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के खर्च को जोडऩे पर चुनावी व्यवस्था का आर्थिक भार और बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब तीन दशकों से ऐसा कोई वर्ष नहीं रहा जब देश में कहीं न कहीं चुनाव नहीं हुए हों। लगातार चुनावी प्रक्रिया के कारण प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी ड्यूटी में लगे शिक्षकों और कर्मचारियों का भी काफी समय चुनाव में जाता है।

शिक्षक देश की भावी पीढ़ी का चरित्र निर्माण करने वाले: डा. अर्चना गुप्ता

शिक्षक समागम में अति विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पढ़ाने वाले नहीं, बल्कि देश की भावी पीढ़ी के चरित्र, सोच और राष्ट्रभाव का निर्माण करने वाले हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को भारत की मिट्टी, विरासत और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी से जोडऩे का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कक्षा के टॉप विद्यार्थियों के साथ पीछे रहने वाले बच्चों पर भी समान ध्यान दिया जाना चाहिए। हर बच्चा डॉक्टर या इंजीनियर नहीं बनेगा, कोई खिलाड़ी बनेगा तो कोई अन्य क्षेत्र में देश के निर्माण में योगदान देगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story