गुरुग्राम: पुराने सिक्कों व नोटों से किस्मत चमकाने का झांसा देकर की ठगी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: पुराने सिक्कों व नोटों से किस्मत चमकाने का झांसा देकर की ठगी


पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

पुराने सिक्कों, नोटों की कीमत 75 लाख रुपये बताकर की ठगी

गुरुग्राम, 16 मार्च (हि.स.)। पुराने सिक्कों व नोटों से किस्मत चमकाने यानी लखपति बनाने की बातों से झांसे में लेकर ठगी कर ली गई। पुलिस थाना साइबर अपराध पश्चिम गुरुग्राम द्वारा इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करके इस संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपी ने पुराने सिक्कों व नोटों को 75 लाख रुपये में खरीदने का झांसा देकर इस ठगी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि आरोपी के पास से एक मोबाइल व सिम कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 10 मार्च को एक महिला ने पुलिस थाना साइबर अपराध पश्चिम गुरुग्राम में लिखित शिकायत दी। शिकायत में कहा कि उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (यूट्यूब/फेसबुक) पर पुराने सिक्के व स्पेशल नोट खरीदने संबंधी विज्ञापन देखे। उसने दिए गए व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क किया। इस दौरान साइबर ठगों ने उनके पुराने सिक्कों/नोटों की कीमत 75 लाख रुपए बतायी। इसके बाद सिक्कों के बदले इसे मिलने वाले रुपयों पर जीएसटी, रजिस्ट्रेशन फीस और अन्य चार्ज के नाम पर विभिन्न माध्यम से विभिन्न खातों में लाखों रुपए ट्रांसफर करवाकर उसके साथ ठगी की। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को तिजारा (राजस्थान) से गिरफ्तार किया है। आरोपी पहचान समयदीन (उम्र-37 वर्ष, योग्यता-5वीं) निवासी तिजारा (राजस्थान) के रूप में हुई। आरोपी को 11 मार्च 2026 को अदालत में पेश करके तीन दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया।

आरोपी से पूछताछ में पता चला है कि वह पुराने सिक्कों के बदले में अधिक दाम देने वाले गिरोह के साथ काम करता है। आरोपी ने बताया कि इस गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म(फेसबुक/इंस्टाग्राम/यूट्यूब) माध्यम से विज्ञापन डालते हैं। जब कोई व्यक्ति विज्ञापन के माध्यम से इन्हें संपर्क करता है तब यह उन व्यक्तियों के व्हाट्स ऐप के माध्यम से पुराने सिक्कों की फोटो मंगवाता व उन सिक्कों की लाखों में कीमत बताकर उनसे रजिस्ट्रेशन, जीएसटी, इनकम टैक्स व अन्य चार्ज के नाम पर ठगी करते है। आरोपी ने बताया कि इस केस में भी आरोपी ने महिला से बात की व रजिस्ट्रेशन, जीएसटी इनकम टैक्स व अन्य चार्ज के माध्यम से लाखो रुपये की ठगी की थी। जिसके चलते आरोपी के हिस्से में 10 लाख रुपये आए थे। आरोपी के कब्जा से वारदात में एक मोबाइल फोन व एक सिम कार्ड बरामद किया गया है। आरोपी समयदीन को तीन दिन के पुलिस हिरासत रिमांड के बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story