गुरुग्राम: 75 लाख में पुराने सिक्के खरीदने का लोभ देकर लाखों की ठगी
गुरुग्राम, 20 जून (हि.स.)। पुराने सिक्के और विशेष नोटों के बदले लाखों रुपये दिलाने का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि साइबर क्राइम वेस्ट थाना पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को राजस्थान के खैरथल से गिरफ्तार किया है।
साइबर क्राइम वेस्ट थाना पुलिस में 10 मार्च 2026 को एक महिला ने शिकायत दी थी। जिसमें बताया बताया कि उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब और फेसबुक पर पुराने सिक्के एवं विशेष नोट खरीदने संबंधी विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए व्हाट्सऐप नंबर पर संपर्क करने के बाद कथित ठगों ने उसके पुराने सिक्कों और नोटों की कीमत 75 लाख रुपये बताई। इसके बाद आरोपियों ने महिला को रकम मिलने का भरोसा दिलाकर जीएसटी, रजिस्ट्रेशन फीस, इनकम टैक्स और अन्य चार्ज के नाम पर अलग-अलग खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर करवा लिए। महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले में एसीपी साइबर क्राइम प्रियांशु दीवान की अगुवाई में साइबर क्राइम वेस्ट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार की टीम ने तकनीकी सहायता से एक आरोपी को खैरथल, राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी जाहुल खान के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में ठगी की रकम में से आरोपी जाहुल खान के हिस्से में करीब 8 लाख रुपये आए थे।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुराने सिक्के और विशेष नोट ऊंची कीमत पर खरीदने के विज्ञापन डालते थे। विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले लोगों से व्हाट्सऐप पर सिक्कों और नोटों की तस्वीरें मंगवाई जाती थीं। इसके बाद सिक्कों की कीमत लाखों रुपये बताकर रजिस्ट्रेशन, जीएसटी, इनकम टैक्स और अन्य शुल्कों के नाम पर उनसे पैसे विभिन्न खातों में जमा करवा लिए जाते थे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

