गुरुग्राम: चलती बस के आगे 18 किलोमीटर तक लटका रहा बुजुर्ग, मौत

WhatsApp Channel Join Now

-बस के चालक की लापरवाही से गई बुजुर्ग की जान

-बेटे ने कार से किया पीछा तो आरोपी ने मारी टक्कर

गुरुग्राम, 21 नवंबर (हि.स.)। मानेसर में मामूली कहासुनी के बाद एक बस चालक ने लापरवाही से बुजुर्ग की जान ले ली। आरोपी बस चालक बुजुर्ग को बस के अगले हिस्से पर लटकाकर करीब 18 किलोमीटर तक दौड़ता रहा। इस दौरान बुजुर्ग का बेटा कार से बस का पीछा कर पिता को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन चालक ने कार को भी टक्कर मार दी। आखिरकार कापड़ीवास बॉर्डर के पास मोड़ पर बस के ब्रेक लगाए तो बुजुर्ग सडक़ पर जा गिरे और बस के पहियों के नीचे कुचल गए। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार मानेसर निवासी तनुष कुमार यादव ने शिकायत में बताया कि 18 नवंबर की सुबह करीब साढ़े पांच बजे उनके पिता कृष्ण कुमार बस स्टैंड गए थे। वहां राजस्थान नंबर की बस के चालक और परिचालक से उनकी कहासुनी हो गई। पिता ने फोन कर इसकी जानकारी दी तो तनुष मौके पर पहुंच गए। उन्हें देखकर चालक ने बस दौड़ा दी। इस दौरान कृष्ण कुमार बस के अगले शीशे के पास बने पायदान पर लटक गए। आरोप है कि चालक ने बस रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और जयपुर की तरफ भागने लगा। बेटे ने कार से पीछा कर बस रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने उसकी कार को टक्कर मार दी। इसके बाद करीब 18 किलोमीटर तक बस दौड़ाता रहा। कापड़ीवास बॉर्डर के पास मोड़ पर लगे तेज झटके से कृष्ण कुमार नीचे गिरकर पहियों की चपेट में आ गए। परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मानेसर थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बेटे की शिकायत पर आरोपी बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781028 Articles

Share this story