गुरुग्राम: कुर्सी पर बैठे-बैठे अधिकारियों ने योगासन कर तनाव से पाई राहत

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: कुर्सी पर बैठे-बैठे अधिकारियों ने योगासन कर तनाव से पाई राहत


गुरुग्राम: कुर्सी पर बैठे-बैठे अधिकारियों ने योगासन कर तनाव से पाई राहत


-वाई ब्रेक के माध्यम से कर्मचारियों को दी गई तनाव से राहत की सीख

गुरुग्राम, 20 मार्च (हि.स.)। अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए कार्यस्थल पर तनाव से राहत पाने के लिए शुक्रवार को यहां लघु सचिवालय में वाई ब्रेक के दौरान योग सत्र आयोजित किया गया। आयुष विभाग की ओर से आयोजित इस वाई ब्रेक का उद्देश्य कर्मचारियों को दैनिक कार्य के दौरान होने वाले तनाव से राहत दिलाना और उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ बनाए रखना रहा।

कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को बताया गया कि छोटे-छोटे योग अभ्यास अपनाकर वे अपने काम के बीच भी खुद को तरोताजा रख सकते हैं और अपनी कार्यक्षमता को बेहतर बना सकते हैं। योग सहायक अजीत ने सत्र के दौरान उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को कुर्सी पर बैठकर किए जाने वाले आसान योग अभ्यास करवाए। इसमें गर्दन, कंधों और पीठ से जुड़े व्यायाम शामिल रहे, जो लंबे समय तक बैठकर काम करने से होने वाली थकान और दर्द को कम करने में मददगार होते हैं। इसके अलावा ताड़ासन सहित अन्य सरल योग आसनों का अभ्यास भी कराया गया, ताकि शरीर में लचीलापन बना रहे और रक्त संचार सही तरीके से हो सके।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि नियमित रूप से कुछ मिनट का वाई ब्रेक लेने से मानसिक तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है और काम की गुणवत्ता में सुधार आता है। अधिकारियों व कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे नियमित रूप से अपनाने की बात कही। इस अवसर पर एसडीएम परमजीत चहल, संयुक्त आयुक्त विशाल, सीटीएम सपना यादव, डीआरओ विजय यादव, एसीपी सुशीला, डीडीपीओ नवनीत कौर सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story