गुरुग्राम: नर्सिंग ऑफिसर्स की हड़ताल, अस्पतालों में बाधित रहेंगी स्वास्थ्य सेवाएं

WhatsApp Channel Join Now

-सोमवार से नर्सिंग ऑफिसर्स की तीन दिन तक दो घंटे रहेगी हड़ताल

-इमरजेंसी सेवा को छोडक़र बाकी के सभी काम रहेेंगें बंद

-अब से पहले दो दिन तक लगाए थे काले बिल्ले

-मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी (एमओटीपी) का हो रहा विरोध

गुरुग्राम, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी (एमओटीपी) के विरोध के क्रम में नर्सिंग ऑफिसर वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के बैनर तले कल सोमवार पांच अक्टूबर से सात अक्टूबर 2026 सुबह 10 से 12 बजे तक नर्सिंग ऑफिसर्स दो-दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल करेंगी। इस हड़ताल के समय के दौरान सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं ही संचालित रहेंगी।

इसी पॉलिसी के विरोध में बीती 30 सितंबर व एक अक्टूबर को नर्सिंग ऑफिसर्स ने काले बिल्ले लगाकर काम किया था। सरकार की ओर से कोई सकारात्मक जवाब नहीं आने पर अब दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल का रास्ता अपनाया गया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग जो मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी (एमओटीपी) लागू करने जा रहा है वह व्यावहारिक नहीं है। इसमें नर्सिंग कैडर की जमीनी हकीकत को नजरअंदाज किया गया है। हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग में करीब 95 प्रतिशत नर्सिंग स्टाफ महिला है, उनकी सुरक्षा और दूरी का ध्यान नहीं रखा जा रहा। नर्सिंग एक क्लीनिकल और 24 घंटे सेवा वाला कैडर है। दूर-दराज के क्षेत्रों में जाकर ड्यूटी करके वापस घर पहुंचना परेशानी का काम होगा। गुरुग्राम जिला में सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल समेत शहर के अन्य संबंधित पीएचसी, सीएचसी, सोहना, पटौदी, फर्रुखनगर सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों में नर्सिंग ऑफिसर्स इस हड़ताल में शामिल रहेंगी। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर सात अक्टूबर तक सरकार ने एमओटीपी में संशोधन कर उनकी मांगों पर बात नहीं की तो आठ अक्टूबर के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story