गुरुग्राम: नर्सिंग ऑफिसर्स का सस्पेंशन के विरोध में हड़ताल का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: नर्सिंग ऑफिसर्स का सस्पेंशन के विरोध में हड़ताल का ऐलान


-सेक्टर-10 अस्पताल में हड़ताल की सूचना का आधिकारिक पत्र सौंपा

गुरुग्राम, 20 नवंबर (हि.स.)। पंचकूला में बेकसूर नर्सिंग ऑफिसर्स को सस्पेंड करने के विरोध में नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा ने बड़ा फैसला लिया है। एसोसिएशन ने 23 नवंबर को पूरे हरियाणा में हड़ताल का निर्णय लिया है। इसकी आधिकारिक सूचना देने के लिए शुक्रवार को सेक्टर-10 अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर्स ने उप-चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज यादव को पत्र सौंपा। जिसमें कहा गया कि नर्सिंग ऑफिसर्स अस्पतालों सभी प्रकार की सेवाएं बंद रखेंगीं।

उप-चिकित्सा अधीक्षक को पत्र सौंपते हुए नर्सिंग ऑफिसर्स ने कहा कि पंचकूला में एक मरीज की मौत के मामले में नर्सिंग ऑफिसर्स को बेवजह से घसीटा गया है। हकीकत यह है कि वह मरीज नर्सिंग ऑफिसर्स के पास पहुंचा ही नहीं था। इस मामले में जिन पांच नर्सिंग ऑफिसर्स, एक सीनियर नर्सिंग ऑफिसर व एक वार्ड अटेंडेंट को सस्पेंड किया गया है, वे पूरी तरह बेकसूर हैं। उन्हें बिना निष्पक्ष जांच के, बिना पक्ष सुने सस्पेंड कर दिया गया, जो सरासर अन्याय है। अगर सरकार और प्रशासन ने समय रहते इस फैसले को वापस नहीं लिया तो आंदोलन और तेज होगा। नर्सिंग ऑफिसर्स ने बताया कि बेकसूर साथियों के सस्पेंशन ने पूरे प्रदेश के नर्सिंग स्टाफ में भारी रोष पैदा कर दिया है। इसी रोष के चलते 23 नवंबर को प्रदेशव्यापी हड़ताल का निर्णय लिया गया है। उनकी मांग है कि पंचकूला में सस्पेंड किए गए सभी नर्सिंग ऑफिसर्स को तत्काल बहाल किया जाए और उन्हें सम्मान सहित ड्यूटी पर वापस लिया जाए। किसी भी नर्सिंग ऑफिसर के खिलाफ कार्रवाई से पहले निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो। एकतरफा कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। पंचकूला घटना को लेकर नर्सिंग ऑफिसर्स ने चेतावनी दी कि 23 नवंबर को होने वाली हड़ताल में प्रदेश के सभी सरकारी अस्पताल, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य केंद्रों, सभी एसडीएच, सीएचसी, पीएचसी में नर्सिंग कैडर (रेगुलर, कॉन्ट्रेक्ट व एनएचएम) की तीनों शिफ्ट में दिन-रात हड़ताल पर रहेंगें। नर्सिंग सेवाएं पूरी तरह से प्रभावित रहेंगी। अगर फिर भी सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलने पर भी विचार किया जाएगा। सेक्टर-10 अस्पताल में पत्र सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में नर्सिंग ऑफिसर्स मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि वे मरीज सेवा से पीछे नहीं हटना चाहते, लेकिन अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना भी उनका अधिकार है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि इस मामले में जल्द हस्तक्षेप कर बेकसूर नर्सिंग ऑफिसर्स को न्याय दिलाया जाए, ताकि हड़ताल की नौबत न आए और मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story