गुरुग्राम में नर्सिंग ऑफिसर की मौत, पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम में नर्सिंग ऑफिसर की मौत, पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज


गुरुग्राम में नर्सिंग ऑफिसर की मौत, पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज


चार महीने पहले की थी लव मैरिज

गुरुग्राम, 19 मार्च (हि.स.)। यहां सेक्टर-10 थाना क्षेत्र में एक नवविवाहित महिला की गुरुवार को अस्पताल में मौत हो गई। महिला एक प्राइवेट अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर थी। उसका पति एक्सरे-टैक्नीशियन था। कुछ दिन पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि आरोपी पति की तलाश की जा रही है।

23 वर्षीय नर्सिंग ऑफिसर काजल ने चार महीने पहले ही गाजियाबाद के रहने वाले अरूण शर्मा से लव मैरिज की थी। वह एक प्राइवेट अस्पताल में नौकरी करती थी। अरूण भी उसी अस्पताल में एक्सरे टेक्नीशियन था। होली से पहले तक वे दोनों बसई में रहते थे। शादी के बाद युवक ने नौकरी छोड़ दी। कुछ दिन पहले काजल और अरूण के बीच झगड़ा हो गया था। इसी बात से नाराज होकर वह अपने मायके गढ़ी गांव चली गई थी। पीछे-पीछे अरूण भी पहुंच गया। उन्होंने बसई में किराए के कमरे को भी छोड़ दिया था। वह गढ़ी हरसरू में पत्नी के साथ उसके मायके में रहने लगा था। बुधवार की शाम काजल अपनी भाभी और बहन के पास थी। उसी दौरान अरूण ने उसे नीचे के कमरे में बुला लिया। कुछ देर बाद जब उसकी भाभी नीचे आई तो काजल के नाक से खून बहता दिखाई दिया और उसकी हालत बिगड़ गई। सिविल अस्पताल में उसे भर्ती करवाया गया।

अस्पताल में उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद उसका पति मौके से फरार हो गया।

परिजनों का कहना है कि घर के बाथरूम में एक इंजेक्शन पाया गया है। उन्हें आशंका है कि काजल को जहरीला इंजेक्शन लगाकर मारा गया है। काजल का परिवार मूल रूप से कानपुर के बेला गांव का रहने वाला है। पुलिस आरोपी पति की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story