गुरुग्राम: वजीरपुर फ्लाईओवर की बदहाली पर नहीं है किसी की नजर

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: वजीरपुर फ्लाईओवर की बदहाली पर नहीं है किसी की नजर


-फ्लाईओवर के टूटे पड़े हैं खंभे, किनारों पर जमी पड़ी है मिट्टी

-फ्लाईओवर बनने के बाद ना कभी सफाई हुई ना कोई मैंटेनेंस

गुरुग्राम, 14 अप्रैल (हि.स.)। गुरुग्राम से वाया वजीरपुर फर्रुखनगर, झज्जर जाने वाले वाहनों की सहूलियत के लिए बनाया गया वजीरपुर रेलवे फाटक फ्लाईओवर बदहाल हो चुकी है। इसकी बदहाली देखने से लगता है कि बनाने के बाद से लेकर अब तक उसकी शायद मैंटेनेंस ही नहीं की गई। भाजपा की 2014 में पहली बार बनी सरकार में कैबिनेट मंत्री बनें राव नरबीर सिंह ने वजीरपुर फ्लाईओवर को डबल बनाने की घोषणा भी की थी, लेकिन घोषणा सिर्फ घोषणा ही रह गई।

पटौदी व फर्रुखनगर, झज्जर रोड पर बड़ी कंपनियों ने अपने वेयर हाउस बना लिए हैं। बहुत से वेयर हाउस निर्माणाधीन हैं। ऐसे में यह रास्ता दिन-रात व्यस्त रहता है। वाहनों की आवाजाही यहां चौबीस घंटे रहती है। सबसे अधिक यहां से बड़े वाहन ही आते-जाते हैं। उन वाहनों के कारण यहां सडक़ें भी टूट रही हैं और फ्लाईओवर भी क्षतिग्रस्त हो रहा है। बहुत ही बदहाल स्थिति में वजीरपुर फ्लाईओवर है। इस फ्लाईओवर की बदहाली किसी से छिपी नहीं है। यहां की बदहाली देखकर यह कहा जा सकता है कि इसकी मैंटेनेंस शायद ही कभी हुई हो। ग्रामीण क्षेत्र में होते हुए इस फ्लाईओवर की दुर्गति हो चुकी है। फ्लाईओवर के दोनों तरफ एक फुट से भी अधिक मिट्टी चढ़ी हुई है, इससे यहां से लोग पैदल नहीं निकल सकते। पैदल चलने वाली पटरी पूरी तरह से मिट्टी से अट चुकी है। फ्लाईओवर की सडक़ में जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। दोनों तरफ की दीवार पर लगे कई खंभे भी क्षतिग्रस्त हैं। कोई खंभा यहां पूरी तरह से टेढ़ा होकर गिरने को है तो कोई पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। यहां की लाइट्स को काफी समय से जलती ही नहीं। गुरुग्राम से झज्जर की तरफ जाने के लिए यह मुख्य फ्लाईओवर है। इसके बाद भी इसकी बदहाली किसी को नजर नहीं आ रही। दीवारों पर लंबे समय से पेंट ही नहीं हुआ है।

डबल बनाने की घोषणा भी ठंडे बस्ते में गई

वजीरपुर के फ्लाईओवर को भाजपा सरकार 1.0 में कैबिनेट मंत्री रहे राव नरबीर सिंह ने डबल बनाने की घोषणा की थी। वह घोषणा अब तक घोषणा ही बनकर रह गई है। डबल बनाना तो दूर सिंगल की देखरेख भी नहीं की जा रही।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story

News Hub