गुरुग्राम: नाइजीरियाई प्रतिनिधिमंडल को चंदू गांव में भायी महिलाओं की बेकरी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: नाइजीरियाई प्रतिनिधिमंडल को चंदू गांव में भायी महिलाओं की बेकरी


गुरुग्राम, 19 नवंबर (हि.स.)। नाइजीरिया से आए 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गुरुग्राम के गांव चंदू का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने क्षितिज स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित बेकरी इकाई का अवलोकन किया। इसी के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और उनके लिए सरकार के प्रयास अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गए। प्रतिनिधिमंडल ने महिलाओं के कार्यों तथा उद्यमशीलता की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल के गुरुग्राम आगमन पर जिला परिषद के सीईओ सुमित कुमार ने उनका स्वागत किया।

प्रतिनिधिमंडल में नाइजीरिया के मानवतावादी मामलों एवं गरीबी उन्मूलन मंत्रालय के वरिष्ठ सचिव ओलुसान्या ओलुबुनमी, सरकारी नकद सहायता कार्यक्रम के राष्ट्रीय कार्यक्रम प्रबंधक अलहसन अब्दुल्लाही इमाम, केंद्र सरकार के लेखा विभाग में परियोजना वित्त प्रबंधन के निदेशक लुका जोशुआ कादमी तथा राष्ट्रीय सामाजिक निवेश कार्यक्रम के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिदे जमीलू सहित विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। दौरे के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने प्रतिनिधिमंडल को बेकरी इकाई की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। महिलाओं ने आटा गूंथने, विभिन्न बेकरी उत्पाद तैयार करने, उनकी पैकेजिंग, बिलिंग से लेकर मार्केटिंग तक की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए बेकरी उत्पादों का स्वाद भी चखा और उनसे संवाद कर उनके अनुभवों को जाना। उन्होंने इस बात की सराहना की कि ग्रामीण महिलाएं सामूहिक प्रयासों और उद्यमिता के माध्यम से न केवल अपनी आजीविका को मजबूत कर रही हैं, बल्कि आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ अन्य महिलाओं के लिए भी रोजगार एवं प्रेरणा का माध्यम बन रही हैं।

इस अवसर पर हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों ने बताया कि केंद्र और हरियाणा सरकार द्वारा दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोडक़र उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इस पहल के तहत महिलाओं को संगठित करने, कौशल विकास प्रशिक्षण देने, वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने, बैंकिंग सुविधाओं से जोडऩे तथा उनके उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल आजीविका के साधन उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि उन्हें सफल उद्यमी बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी को और अधिक मजबूत करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779972 Articles

Share this story